उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न हुआ अखण्ड रामायण पाठ

लक्ष्मण सिंह नेगी।

ऊखीमठ। तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान के हनुमान मन्दिर में दो दिनों से चल रहे अखण्ड रामायण पाठ का मंगलवार को विधिवत पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान श्रीराम के जयघोष एवं भक्ति रस में सराबोर रहा। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और पूर्णाहुति में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। हनुमान मंदिर में आयोजित अखण्ड रामायण पाठ के शुभारंभ से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दो दिनों तक मन्दिर परिसर में रामायण की चौपाइयों, भजनों एवं भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्थानीय राम भक्तों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी अखण्ड पाठ में अपनी सहभागिता निभाई।
मंगलवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अखण्ड रामायण पाठ की पूर्णाहुति की गई। पण्डित राजन सेमवाल के मार्गदर्शन में हवन कुंड में श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर क्षेत्र, समाज एवं देश की सुख-समृद्धि तथा सर्वकल्याण की कामना की। पूर्णाहुति के दौरान मन्दिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। सैकड़ों राम भक्त इस धार्मिक अनुष्ठान के साक्षी बने।
आयोजकों राजेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि अखण्ड रामायण पाठ का उद्देश्य क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करने के साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं मर्यादा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। रामायण में निहित त्याग, सेवा, सत्य, धर्म एवं मर्यादा के आदर्श वर्तमान समय में भी समाज का मार्गदर्शन करते है ।
अखण्ड रामायण के समापन अवसर पर शिक्षाविद भूपेन्द्र राणा, शिव सिंह पंवार, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्वाण , पूर्व जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी,ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होने के साथ ही आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी के जयघोष से रामलीला मैदान का वातावरण देर तक भक्तिमय बना रहा। इस मौके पर उद्योगपति खुशहाल सिंह नेगी, पूर्व प्रधान सन्दीप पुष्वाण, राय सिंह धर्म्वाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, हेमलता नौटियाल, रजनी भल्ला, पूनम नौटियाल, जगमोहन पंवार, बीना पन्त, अंनुजा तिवारी, शिव प्रसाद त्रिवेदी, मंजू रावत , दलवीर रावत , विनोद नौटियाल, धर्मेन्द्र नेगी, अशोक तिवारी, राम सिंह रावत, आलोक पन्त सहित भारी संख्या में राम भक्त मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!