
बेकाबू भीड़ के चलते कार्यक्रम छोड़ लौटे शमी, सेल्फी लेने मंच पर ही चढ़ गई भीड़
हरिद्वार। भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज और विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद शमी रविवार को खानपुर विधायक उमेश कुमार के बुलावे पर ऋषिकुल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में मंच से लेकर मैदान तक भारी अव्यवस्थाओं के चलते मोहम्मद शमी अपना संबोधन भी नहीं कर पाए, सूक्ष्म संबोधन में उन्होंने युवाओं को मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के लिए ऋषिकुल मैदान में आयोजित कार्यक्रम अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। उत्साहित युवाओं ने मोहम्मद शमी से कोई वार्तालाप नहीं किया न ही उन्हें बोलने दिया। कार्यक्रम में मंच पर ही लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रशंसक सेल्फी लेने के लिए एक दूसरे पर चढ़ते नजर आए। शमी के बार-बार अनुरोध करने के बाद भी लोगों ने कार्यक्रम शुरू करने की व्यवस्था नहीं बनाई। जिससे वह सूक्ष्म बोलकर वापस लौट गए। अपने छोटी से संबोधन में शमी ने युवाओं से कहा कि मेहनत करने से ही बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने खेल के प्रति ईमानदार होना पड़ेगा। हर एक व्यक्ति में अलग-अलग प्रतिभाएं और क्षमताएं होती हैं, अपने हुनर को पहचान इसे तराशने की जरूरत है।



