सिलक्यारा सुरंग से वापस घर पहुंचे गब्बर सिंह के घर में मनी दीपावली

सिलक्यारा सुरंग से वापस घर पहुंचे गब्बर सिंह के घर में मनी दीपावली
ब्यूरो। उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग में 17 दिन से फंसे कोटद्वार निवासी गब्बर सिंह के बाहर निकल आने की सूचना के बाद परिजनों में खुशी बनी हुई है। मंगलवार रात को गब्बर सिंह की पत्नी ने घर पर दिए जलाकर मिठाइयां बांटी। वहीं बच्चों और पड़ोसियों ने पटाखे फोड़ कर दिवाली भी मनाई। उनके सकुशल बाहर आने की सूचना के बाद से बुधवार को भी उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
गब्बर सिंह की पत्नी जसोदा देवी ने बताया कि सुरंग से बाहर निकालने के बाद उनके पति ने फोन पर उनसे बात कर सकुशल होने की सूचना दी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता कोटनाला, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पंकज भाटिया, पार्षद अनिल रावत के साथ ही आस – पड़ोस के लोगों ने भी उनके घर पर पहुंच कर बधाई दी।
गब्बर सिंह के सुकुशल बाहर आने से उनके दोनों बच्चे आकाश और विकास भी काफी खुश नजर आए। जशोदा देवी ने बताया कि सुरंग में फंसने की सूचना के बाद उनकी जान थम सी गई थी, हालांकि उनके पति से रोजाना फोन पर बात होती थी। लेकिन फिर भी मन में एक डर सा बना हुआ था, पति के बाहर आने के बाद अब वह निश्चित हो गई हैं।



