शराब तस्करों पर एसओजी रुद्रप्रयाग की बड़ी कार्यवाही, 11 पेटी शराब के साथ 02 युवकों को किया गिरफ्तार

एसओजी रुद्रप्रयाग ने 11 पेटी शराब के साथ 02 युवकों को किया गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग। श्रीकेदारनाथ धाम यात्रा में जनपद पुलिस के द्वारा लगातार शराब तस्करों के विरूद्ध अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिये गये हैं कि केदारनाथ धाम यात्रा में शराब तस्करी, भण्डारण इत्यादि पर प्रभावी कार्यवाही करें।
वहीं यात्रा के दौरान भी एसओजी को अलग से टास्क दिया गया कि यात्रा की आड़ में शराब तस्करी न करने पाये। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, तीर्थ स्थल क्षेत्र में भी नशे का सेवन कर या अन्य किसी भी प्रकार से अवांछित हरकतें करने वालों के विरुद्ध “ऑपरेशन मर्यादा” एवं कोटपा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
जनपद की एसओजी टीम द्वारा पुलिस उपाधीक्षक, ऑपरेशन्स के पर्यवेक्षण में निरन्तर सुरागरसी पतारसी कर दबिशें दी जा रही हैं। इसी क्रम में आज एसओजी0टीम के हाथ एक सफलता लगी है।
29 अप्रैल शनिवार को स्थान फाटा के समीप खाट खड़िया गांव को जाने वाली सड़क के सामने गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह महावीर सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी ग्राम डूंगर पोस्ट ऑफिस बड़ेथ ब्लॉक व थाना अगस्त्यमुनि जिला रुद्रप्रयाग को और कुलदीप सिंह पुत्र दलबीर सिंह निवासी ग्राम सांकरी पोस्ट त्रिशुला पोखरी, थाना पोखरी जिला चमोली को मुखबिर की सूचना पर एसओजी प्रभारी रुद्रप्रयाग मनोज नेगी और आरक्षी रविन्द्र सिंह द्वारा सैंटरो कार रजिस्ट्रेशन नम्बर यू ए 07जी-0844 में अंग्रेजी शराब की 11 पेटी (05 हाफ मैकडॉवल व्हिस्की की पेटी, 02 क्वार्टर मैकडॉवल व्हिस्की की पेटी, 02 पेटी बोतल की मैकडोल व्हिस्की की व 2 पेटी बोतल सोलमेट व्हिस्की की पेटी) का परिवहन करते हुए धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में गिरफ्तार किया गया और वाहन को कब्जे में लिया गया। इनके विरुद्ध थाना गुप्तकाशी पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराते हुए शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन को सीज किया गया है।
जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार इस प्रकार का कृत्य करने वालों पर नजर रखे हुए है, आगे भी इसी प्रकार से पुलिस के स्तर से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।



