उत्तराखंड

विधायक केदारनाथ के नेतृत्व में तुंगनाथ धाम एवं पैदल मार्ग पर चलाया गया स्वच्छता अभियान

विधायक केदारनाथ के नेतृत्व में तुंगनाथ धाम एवं पैदल मार्ग पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं महिलाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश।

ऊखीमठ।  प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम एवं पैदल मार्ग पर विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में ‘सेवा संकल्प अभियान’के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य धाम की पवित्रता एवं प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। स्वच्छता अभियान में विकासखंड ऊखीमठ एवं वन विभाग के कर्मचारियों के साथ विभिन्न महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इससे पूर्व उन्होंने तुंगनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाबा तुंगनाथ से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। स्वच्छता अभियान के दौरान तुंगनाथ धाम एवं पैदल मार्ग के आसपास सफाई करते हुए कूड़ा एकत्र किया तथा श्रद्धालुओं से भी धाम की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर विधायक नौटियाल ने कहा कि तुंगनाथ धाम हमारी आस्था, संस्कृति और समृद्ध प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी पवित्रता और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है।

तुंगनाथ धाम में यात्रा पर आए श्रद्धालुओं ने स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस प्रकार के अभियान स्वच्छ वातावरण के साथ सकारात्मक संदेश भी देते हैं। इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार, रेंजर विमल भट्ट, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, मंडल अध्यक्ष दलबीर नेगी, प्रधान गीता देवी,जगदीश लाल, बीरेंद्र मोहन घिल्डियाल, हेमलता नौटियाल, चन्द्रमोहन उखियाल, नंदन रावत, नंदन सेमवाल सहित विकासखंड, वन विभाग के कर्मचारी, महिला समूहों से जुड़ी महिलाएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!