सीतापुर पार्किंग व बाईपास मार्ग पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, जाम से श्रद्धालु और स्थानीय लोग परेशान

सीतापुर में जाम से श्रद्धालु और स्थानीय लोग परेशान
चौक पर पुलिस के नदारद, बढ़ी परेशानी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के मुख्य पड़ाव सीतापुर में इन दिनों यातायात व्यवस्था पटरी से उतरती नजर आ रही है। सीतापुर पार्किंग और बाईपास की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सीतापुर के जटाशंकर चौक क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही अधिक होने के बावजूद यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की नियमित तैनाती नहीं है। ऐसे में वाहन चालक सड़क पर ही वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे मार्ग संकरा हो जाता है और कुछ ही देर में जाम लग जाता है। जाम के कारण यात्रियों को पार्किंग और बाईपास तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष सीतापुर अशोक कुनियाल ने कहा कि सीतापुर के मुख्य चौक और पार्किंग-बाईपास मार्ग पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता है। सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने से स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से चौक पर पुलिस की तैनाती करने, सड़क पर वाहनों की पार्किंग रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सीतापुर में यातायात व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



