उत्तराखंडखास खबरें

रूद्रप्रयाग शराब ठेके के पास धारदार हथियार से हमला, एक व्यक्ति गंभीर घायल, महिलाओं का फूटा गुस्सा, शराब ठेका शिफ्ट करने की मांग 

रूद्रप्रयाग शराब ठेके के पास धारदार हथियार से हमला, एक व्यक्ति गंभीर घायल, महिलाओं का फूटा गुस्सा, शराब ठेका शिफ्ट करने की मांग

रुद्रप्रयाग। मुख्यालय स्थित शराब के ठेके के पास मारपीट की घटना के बाद हंगामा हो गया। बदरीनाथ हाईवे स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के पास शुक्रवार शाम हुई मारपीट में 42 वर्षीय मदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि उनके गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं घटना के बाद अमसारी गांव की महिलाओं ने शराब के ठेके के बाहर धरना शुरू कर दिया और ठेके को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग उठाई।

घटना देर शाम करीब चार बजे यहां मारपीट की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान 42 वर्षीय मदनलाल की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मामले में घायल मदनलाल की बेटी निशा ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच के बाद ही मारपीट की असली वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

वहीं, घटना के बाद अमसारी गांव की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाएं शराब के ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं और ठेके को क्षेत्र से हटाने की मांग करने लगीं।
महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हुआ है और ठेके के आसपास आए दिन विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

महिलाओं का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से शराब के ठेके को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग कर रही हैं। इसके लिए कई बार विरोध-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अभी तक उनकी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
शुक्रवार की घटना के बाद महिलाओं ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब के ठेके को क्षेत्र से शिफ्ट करने की मांग दोहराई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!