उत्तराखंडखास खबरें

राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से की मुलाकात

लक्ष्मण सिंह नेगी।

राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से की मुलाकात ।
मंदाकिनी नदी पर सेतु निर्माण का रखा प्रस्ताव ।
ऊखीमठ । राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज से उनके आवास पर मुलाकात कर रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे पाली व रंयासू गांवों को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए मंदाकिनी नदी पर सेतु निर्माण तथा दोनों गांवों तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या से मंत्री को अवगत कराया। राज्य मंत्री भट्ट ने कहा कि रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के बावजूद पाली और रंयासू गांव आज भी सुगम यातायात सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकताओं, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान मन्दाकिनी नदी के उफान और पैदल मार्गों की दुश्वारियां ग्रामीणों की परेशानी को और बढ़ा देती हैं।
उन्होंने पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री के समक्ष मंदाकिनी नदी पर प्रस्तावित सेतु निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग रखते हुए कहा कि पुल बनने से पाली और रंयासू गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधा संपर्क मिल सकेगा। इसके साथ ही दोनों गांवों तक मोटर मार्ग का निर्माण होने से ग्रामीणों को वर्षभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाएं केवल आवागमन को सुगम बनाने तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, स्वरोजगार और पर्यटन की संभावनाओं को भी विस्तार मिलता है। केदार घाटी के इन गांवों में प्राकृतिक एवं ग्रामीण पर्यटन की पर्याप्त संभावनाएं हैं। बेहतर सड़क संपर्क मिलने पर स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र की अन्य विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की तथा पाली व रंयासू के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन स्तर से सकारात्मक पहल होने पर मंदाकिनी नदी पर सेतु और दोनों गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग की दिशा में शीघ्र ठोस कार्रवाई शुरू होगी। पर्यटन व लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य मंत्री को आश्वासन दिया कि सेतु निर्माण व दोनों गांवों को यातायात से जोड़ने के लिए त्वरित कार्रवाई की जायेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!