रुद्रप्रयाग में क्षेत्र पंचायत सदस्यों का संगठन गठित, गिरीश चौहान जिलाध्यक्ष, योगिता रावत सचिव

रुद्रप्रयाग में क्षेत्र पंचायत सदस्यों का संगठन गठित, गिरीश चौहान जिलाध्यक्ष, योगिता रावत सचिव
अगस्त्यमुनि। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की एकजुटता और उनके अधिकारों की मजबूती को लेकर आज अगस्त्यमुनि ब्लॉक सभागार में जनपद रुद्रप्रयाग के क्षेत्र पंचायत सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से गिरीश चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवर-ऊखीमठ क्षेत्र को संगठन का जिला अध्यक्ष चुना गया।
नई जिला कार्यकारिणी में चत्तर सिंह पंवार (जखोली) एवं पवन चंद्र बेरवान (क्यार्क-बसुकेदार) को उपाध्यक्ष, योगिता (खड़िया) को सचिव, विक्रम सिंह पटवाल (डूंगरा) को कोषाध्यक्ष, मंजू ममगाईं (खाकरा) को सह सचिव तथा मनीष बगवाड़ी (लमगौंडी) को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की विभिन्न समस्याओं और अधिकारों पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने मानदेय बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए पृथक निधि की व्यवस्था किए जाने की पुरजोर मांग उठाई। उनका कहना था कि विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध न होने के कारण उन्हें जनता के बीच शर्मिंदा होना पड़ता है, जिससे उनकी छवि भी प्रभावित होती है।
सदस्यों ने कहा कि अपनी न्यायोचित मांगों को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने के लिए संगठन का होना बेहद जरूरी है। बैठक के बाद सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।
अब संगठित आवाज उठेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, कनिष्क प्रमुख ऊखीमठ प्रदीप त्रिवेदी सहित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।



