उत्तराखंडफटाफट ख़बरें

मंदाकिनी नदी के बीच फंसीं तीन महिलाओं की SDRF और स्थानीय लोगों ने बचाई जान

मंदाकिनी नदी के बीच फंसीं तीन महिलाओं की SDRF और स्थानीय लोगों ने बचाई जान

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदाकिनी नदी के बीच तीन महिलाएं तेज बहाव में फंस गईं। महिलाएं नदी में बहकर आ रही लकड़ियां निकालने गई थीं, लेकिन अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वे चारों ओर से पानी के तेज बहाव में घिर गईं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई। नदी का बहाव लगातार तेज होने से महिलाओं की जान पर गंभीर खतरा मंडराने लगा।

इसी बीच स्थानीय निवासी हैप्पी असवाल ने बताया कि SDRF और स्थानीय लोगों की त्वरित सूझबूझ एवं संयुक्त प्रयासों से तीनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। समय रहते किए गए इस साहसिक रेस्क्यू के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

लगातार हो रही बारिश के चलते मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में बह रही लकड़ियां, मलबा या अन्य सामान निकालने के लिए किसी भी स्थिति में नदी के बीच न जाएं, क्योंकि कुछ ही मिनटों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और जान जोखिम में पड़ सकती है।

समय रहते हुए सफल रेस्क्यू ने तीन जिंदगियां बचा लीं, लेकिन यह घटना एक गंभीर चेतावनी भी है कि मानसून के दौरान उफनती नदियों के आसपास जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!