उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

20 सूत्रीय समिति उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने की योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

रूद्रप्रयाग। 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के माननीय उपाध्यक्ष श्री रामपाल सिंह ने जिला सभागार, रुद्रप्रयाग में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

श्री रामपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का सत्यापन भी किया जाए।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पेयजल, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, ऊर्जा, लोक निर्माण, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी प्रस्तुत की।

इसी के साथ माननीय उपाध्यक्ष श्री रामपाल सिंह ने शिवानंदी कलना ,लदोली में ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिल रहे लाभों का फीडबैक लिया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय सत्यापन भी किया।

उन्होंने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों से उन्हें अवगत कराया, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संदीप भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, सभासद सुरेंद्र रावत व अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!