उत्तराखंडगांवधार्मिकफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

कार्तिक स्वामी मंदिर में 5 जून से 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन का विधिवत होगा शुभारंभ

लक्ष्मण सिंह नेगी

देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक कल से होगा वेद ऋचाओं से गुंजायमान।

ऊखीमठ। भगवान कार्तिक स्वामी मंदिर में कल से प्रारम्भ होने वाले 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर कार्तिकेय मन्दिर समिति, क्षेत्रीय जनता, श्रद्धालुओं एवं तीर्थ यात्रियों में भारी उत्साह का वातावरण बना हुआ है। आयोजन स्थल पर दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे सम्पूर्ण कुमार लोक भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया है।

कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि 5 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ, हवन एवं पुराण वाचन किया जाएगा। देश-प्रदेश के विभिन्न भागों से विद्वान आचार्य एवं कथा वाचक कार्यक्रम में भाग लेकर श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति एवं सनातन परम्पराओं का संदेश देंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय युवाओं, महिला मंगल दलों तथा ग्रामवासियों द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
कुमार लोक कार्तिक स्वामी तीर्थ में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पेयजल, विद्युत, आवास एवं यातायात संबंधी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। यात्रा मार्गों एवं पड़ावों पर साफ-सफाई के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्कन्द नगरी व क्रौंच पर्वत तीर्थ में विशेष प्रबंध किए गए हैं। सचिव बलराम सिंह नेगी का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से जहां क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान मजबूत होती है, वहीं स्थानीय पर्यटन एवं रोजगार को भी बढ़ावा मिलता है। बताया कि आयोजन के चलते कुमार लोक सहित यात्रा पड़ावों और आसपास के बाजारों में भी रौनक लौट आई है। होटल, भोजनालय तथा स्थानीय व्यवसायों में गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी , उप प्रबंधक रमेश सिंह नेगी , उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी , पंकज सिंह नेगी , पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी, लक्ष्मण सिंह नेगी ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से महायज्ञ एवं पुराण वाचन में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है। पुजारी नन्दू पुरी के अनुसार 11 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बताया कि आगामी 15 जून को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन किया जाएगा।
पण्डित सुधीर नौटियाल ने बताया कि धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित यह महायज्ञ एवं पुराण वाचन क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक माना जा रहा है। आयोजन शुरू होने से पूर्व ही कुमार लोक में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र “जय कार्तिक स्वामी” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!