उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में 35 दिनों में 47 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, यात्रा पड़ावों पर लौटने लगी रौनक 

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ । हिमालय की मनोरम वादियों में विराजमान तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। कपाट खुलने के बाद बीते 35 दिनों में तीर्थ यात्रियों की संख्या 47 हजार के पार पहुंचने से सम्पूर्ण तुंगनाथ घाटी में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियां तेज हो गयी हैं। धाम सहित चोपता, दुगलबिट्टा, भुजगली एवं यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर भी रौनक लौट आयी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं।
देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक प्रतिदिन तुंगनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव के तृतीय केदार स्वरूप के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। सुबह से ही यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रह रही है। चोपता से लगभग साढ़े तीन किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर श्रद्धालु बाबा तुंगनाथ के दरबार में पहुंच रहे हैं। धाम में पहुंचकर श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक कर विश्व व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
यात्रा सीजन के चलते तुंगनाथ घाटी के होटल, लॉज, रेस्टोरेंट एवं स्थानीय दुकानें भी गुलजार हो गयी हैं। स्थानीय युवाओं को घोड़ा-खच्चर संचालन, होटल व्यवसाय तथा अन्य पर्यटन गतिविधियों से रोजगार मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इस वर्ष यात्रा सीजन से अच्छी आर्थिकी की उम्मीद जगी है। वहीं प्रकृति प्रेमी एवं ट्रैकिंग के शौकीन पर्यटक भी बड़ी संख्या में तुंगनाथ एवं चन्द्रशिला पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन एवं मंदिर समिति द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। पुलिस प्रशासन, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग, जीप टैक्सी यूनियन , व्यापार संघ चोपता एवं स्वयंसेवी संगठन भी यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता भूपेन्द्र मैठाणी ने सरकार से तुंगनाथ यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं के और अधिक विस्तार की मांग की है। उनका कहना है कि तुंगनाथ धाम में प्रतिवर्ष बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पार्किंग, शौचालय, पेयजल एवं कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था आवश्यक हो गयी है। तुंगनाथ धाम के प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि आस्था, अध्यात्म एवं प्राकृतिक सौन्दर्य के अद्भुत संगम के रूप में विख्यात तुंगनाथ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ से सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!