
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ हाईवे पर निराश्रित गौवंश को कुचलने के हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे रहे हैं। बीते दो दिनों में दो निराश्रित गौवंश की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई है, जबकि दो घायल अवस्था में हैं। रात के समय शराब के नशे में तेज रफ्तार वाहन चालक निराश्रित गौवंश को कुचलकर भाग रहे हैं, जिनके खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है, जिस कारण गौ रक्षा विभाग में आक्रोश बना है।
बीती, शुक्रवार की रात केदारनाथ हाईवे के नैल में एक बछिया को अज्ञात वाहन चालक ने कुचल दिया और मौके से फरार हो गया, जबकि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे हाईवे के रामपुर–सिल्ली के पास 3 निराश्रित गौवंश को अज्ञात वाहन चालक कुचलकर भाग गया। घटना में एक गौवंश की मौके पर मौत और दो घायल हो गए। इसके बाद गौ रक्षा विभाग की टीम के साथ पशुपालन विभाग और पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्साधिकारी डॉ अजय ने घायल गौवंश का ईलाज किया।
केदारनाथ हाईवे से सटे ग्रामीण इलाकों में रह रहे असामाजिक तत्व अपने मवेशियों को राजमार्ग में छोड़ रहे हैं। रात के समय शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालक इन निराश्रित गौवंश को नहीं देख रहे हैं और टक्कर मारकर भाग रहे हैं।
गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि आगामी दिनों में केदारनाथ यात्रा शुरू होने वाली है और हाईवे पर वाहनों का दबाव रहेगा। ऐसे में निराश्रित गौवंश के लिए और भी खतरा बन गया है।
कहा कि केदारनाथ हाईवे पर रात के समय आये दिन घटनाएं हो रही हैं। अज्ञात वाहन चालक शराब के नशे में तेज गति से से वाहन चलाकर निराश्रित गौवंश को कुचल रहे हैं, जिस कारण असमय इनकी मौत हो रही है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्यवाही करते हुए अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।



