उत्तराखंडखास खबरेंफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

केदारनाथ पैदल मार्ग पर कच्ची दुकानों और टेंट संचालकों की व्यवस्थाएं पूर्व की भांति रहेंगी यथावत

स्थानीय लोगों के रोजगार और हितों को प्राथमिकता : विधायक आशा नौटियाल

ऊखीमठ। केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर स्थानीय व्यापारियों और टेंट संचालकों को बड़ी राहत मिली है। जनपद रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर संचालित कच्ची दुकानों और टेंट स्वामियों ने मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। इस दौरान व्यापारियों ने यात्रा मार्ग पर कच्ची दुकानों और टेंटों को पूर्व की भांति संचालित करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।

बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी आजीविका को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी टेंट स्वामियों और कच्ची दुकान संचालकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी दुकानें पूर्व वर्षों की भांति यथावत संचालित रहेंगी और प्रशासन का उद्देश्य यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखते हुए स्थानीय व्यापारियों के हितों की भी रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय व्यापारियों, टेंट संचालकों और क्षेत्रीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, इसलिए प्रशासन उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि आगामी केदारनाथ धाम की यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर विभिन्न माध्यमों से स्वरोजगार कर रहे स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए व्यवस्थाएं पूर्व की भांति यथावत रखने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस विषय में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी चर्चा की गई थी और उन्होंने भी स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक रुख अपनाया है। विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा का सफल संचालन स्थानीय व्यापारियों, टेंट संचालकों और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से ही संभव होता है। इसलिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर यात्रा को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि केदारनाथ यात्रा के दौरान सभी व्यापारियों के हितों का ध्यान रखना सरकार की जिम्मेदारी है। यात्रा मार्ग पर वर्षों से व्यापार कर रहे स्थानीय लोगों की आजीविका और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी केदारनाथ यात्रा को लेकर सरकार और प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय व्यापारियों, टेंट संचालकों और क्षेत्रीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!