जनता के द्वार पुलिस अभियान के तहत जवाड़ी गांव में आयोजित हुई पहली रात्रि चौपाल

जनता के द्वार पहुंचेगी पुलिस अभियान “प्रहरी पड़ाव” का हुआ आगाज।
जवाड़ी गांव में एसएचओ रुद्रप्रयाग की अध्यक्षता में आयोजित हुई पहली रात्रि चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निस्तारण।
रुद्रप्रयाग। जनपद में जन-संवाद को सशक्त बनाने और पुलिस व जनता के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित करने हेतु पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने नवीन पहल के तहत अभियान “प्रहरी पड़ाव” की शुरुआत की गई है। यह विशेष पहल अपने प्रथम चरण में 02 मार्च से 15 अप्रैल तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा।
इसी क्रम में बीते कल, दिनांक 02 मार्च को कोतवाली रुद्रप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत ग्राम जवाड़ी में इस अभियान का औपचारिक शुभारम्भ किया गया। प्रभारी निरीक्षक रुद्रप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों ने प्रतिभाग किया।
रात्रि चौपाल एवं रात्रि विश्राम अभियान के तहत थाना व चौकी प्रभारी सप्ताह में एक दिन, क्षेत्राधिकारी 10 दिन में एक बार और पुलिस अधीक्षक प्रत्येक 15 दिन में एक बार चिन्हित गांव में रात्रि चौपाल आयोजित करेंगे तथा उसी गांव में रात्रि विश्राम भी करेंगे।
शिकायतों का त्वरित निस्तारण – आयोजित होने वाली चौपाल के दौरान स्थानीय विवादों को निस्तारित किया जायेगा तथा दीवानी एवं भूमि सम्बन्धी विवादों को त्वरित कार्यवाही हेतु सम्बन्धित विभागों को प्रेषित किया जायेगा।
ग्रामीणों को गौरा शक्ति एप तथा हेल्पलाइन नम्बर 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी साथ ही घरेलू हिंसा व बाल विवाह जैसे सामाजिक मुद्दों पर चर्चा कर जागरुकता फैलाई जाएगी।
नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध गोपनीय सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं, जिसके उपरान्त कठोर कार्यवाही की जाएगी।
हर कोतवाली क्षेत्र में एक साईबर मित्र (भिज्ञ आरक्षी) नामित किया गया है, जिसका नम्बर ग्रामीणों को दिया जा रहा है ताकि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल सहायता मिले।
गांवों के प्रवेश व निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु ग्रामीणों को प्रेरित किया जायेगा तथा पुरानी ग्राम सुरक्षा समितियों का पुनरीक्षण कर ग्राम चौकीदारों को और अधिक सक्रिय किया जायेगा।
पीएचक्यू से पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड महोदय के निर्देशों पर प्रचलित ऑपरेशन क्रैकडाउन के अन्तर्गत गांव में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सूची तैयार कर सम्बन्धित बीट आरक्षी प्रत्येक सप्ताह उनके घर जाकर उनकी कुशल-क्षेम जानेंगे, जिसका अंकन रोजनामचा आम में अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
रुद्रप्रयाग पुलिस का लक्ष्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम जनमानस के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना है। अभियान प्रहरी पड़ाव के माध्यम से पुलिस प्रशासन सीधे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझेगा और पारदर्शी तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित करेगा।



