मैखंडा में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर, स्वरोजगार हेतु चलाई जा रही योजनाओं का लें लाभ
फाटा। विकास खंड ऊखीमठ के ग्राम पंचायत मैखंडा में खादी और ग्रामोद्योग आयोग, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा बुधवार को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
न्याय पंचायत क्षेत्र फाटा के मैखंडा में आयोजित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती प्रियंका देवी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में खादी और ग्रामोद्योग आयोग वरिष्ठ कार्यकारी डी डी जमलोकी ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के सेवा क्षेत्र के उद्योगो में 20 लाख तक तथा विनिर्माण क्षेत्र के उद्योगो के लिये 50 लाख तक का बैंक के माध्यम से ऋण लेकर उद्यम लगाया जा सकता है, जिसमें आवेदक का अंशदान परियोजना राशि का 5 से 10 प्रतिशत तथा परियोजना राशि का 15 से 35 प्रतिशत मार्जिन मनी (अनुदान राशि) प्रदान की जाती है। इस योजना के अन्तर्गत वेबसाईट www.kviconline.gov.in में आवेदन किया जा सकता है। साथ ही पीएमईजीपी योजना के अन्तर्गत इकाईयों के विस्तार हेतु द्वितीय ऋण लेने का प्रावधान भी है, जिसमें सेवा उद्योग के लिए 25.00 लाख एवं विनिर्माण क्षेत्र के लिए 1.00 करोड तक का ऋण बैंक के माध्यम से लिया जा सकता है। जागरूकता कार्यक्रम में कनिष्ठ कार्यकारी भवन गिरि ने ग्रामोद्योग विकास योजना एवं प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी। सहायक महाप्रबंधक उद्योग द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। भारतीय स्टेट बैंक फाटा प्रबन्धक मोहित वर्मा द्वारा ऋण से संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 100 के करीब लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सहभागियों को खादी और ग्रामोद्योग आयोग द्वारा स्वरोजगार हेतु चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वाहन किया गया।
इस दौरान ग्राम प्रधान मैखंडा कविता देवी, ग्राम प्रधान शेरसी बीरेंद्र नौटियाल, चरण सिंह, रघुवीर सिंह शाह, जितेंद्र सेमवाल, श्री कृष्ण सेमवाल सहित ग्रामीण महिलाओं एवं व्यापारियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।



