मंदिरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने की मंदिर समितियों व ग्राम प्रधानों के साथ की समन्वय गोष्ठी।

मंदिरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने की मंदिर समितियों व ग्राम प्रधानों के साथ की समन्वय गोष्ठी।
रुद्रप्रयाग। केदारघाटी के गावों में स्थित पौराणिक मंदिरों की सुरक्षा को लेकर आज क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी विकास पुण्डीर की अध्यक्षता में कोतवाली गुप्तकाशी क्षेत्रान्तर्गत स्थित विभिन्न मंदिरों के पुजारियों, सम्बन्धित ग्राम प्रधानों और मंदिर प्रबंधन से जुड़े व्यक्तियों के साथ एक समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
गोष्ठी के दौरान पुलिस उपाधीक्षक ने उपस्थित सभी लोगों को मंदिरों की सुरक्षा के प्रति जागरुक किया। बैठक में मंदिरों में बहुमूल्य मूर्तियों और दानपात्रों की सुरक्षा हेतु ठोस उपाय करने पर चर्चा हुई, तथा ग्राम स्तर और मंदिर परिसर में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित करने की अपील की गई।
वहीं, पुलिस द्वारा बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का निरंतर सत्यापन किए जाने की जानकारी साझा की गई, ताकि क्षेत्र की शांति व्यवस्था बनी रहे। किसी भी अवांछित गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करने हेतु बताया गया। बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कोतवाली गुप्तकाशी का आधिकारिक सम्पर्क नम्बर सभी उपस्थित व्यक्तियों के साथ साझा किया गया। पुलिस ने जनता से अपील की कि वे अपनी विरासतों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक गुप्तकाशी राकेश कुमार सहित क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के प्रधान और मंदिरों के मुख्य पुजारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।



