भालू के हमले में महिला घायल, हायर सेंटर रेफर
भालू के हमले में महिला घायल, हायर सेंटर रेफर
ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश
ऊखीमठ। तहसील मुख्याल से सटे ग्राम पठाली में भालू के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला रामेश्वरी देवी उम्र 55 वर्ष, पत्नी मनवार सिंह प्रातः जंगल में घास लेने गई थीं। सुबह लगभग 11:00 बजे ग्राम पठाली के समीप अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।
हमले की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की सहायता से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के लिए रेफर किया गया है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार हो रही भालू के हमलों को लेकर वन विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ समय से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भालुओं द्वारा दर्जनों हमले हो चुके हैं, लेकिन ठोस रोकथाम के उपाय नहीं किए गए।
विशेष रूप से केदारघाटी क्षेत्र में भालू के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में ठोस सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।



