उत्तराखंडगांवधार्मिकफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

भगवती चण्डिका की चतुर्थ चरण की पूरब दिवारा यात्रा का हुआ शुभारंभ 

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता फलासी की देवी भगवती चण्डिका की चौथे चरण की पूरब दिवारा यात्रा का वैदिक मंत्रोच्चार और वेद ऋचाओं के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हो गया है। मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और ढोल-दमाऊं की गूंज के बीच देवी की डोली विधिवत पूजन-अर्चन के बाद यात्रा पर रवाना हुई। दिवारा यात्रा के शुभारम्भ से पूर्व आचार्यों द्वारा गणेश पूजन, नवग्रह शांति एवं विशेष हवन अनुष्ठान संपन्न कराया गया। वेदपाठियों ने ऋग्वेद एवं यजुर्वेद की ऋचाओं का सस्वर पाठ कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। दिवाला यात्रा को फूल-मालाओं से सुसज्जित किया गया तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने जयकारों से सम्पूर्ण क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। समिति पदाधिकारियों के अनुसार पूरब दिशा की यह दिवारा यात्रा क्षेत्र के अनेक गांवों से होकर गुजरेगी, जहां श्रद्धालु देवी का स्वागत कर विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा के क्षेत्र आगमन पर महिलाओं द्वारा मंगल गीत एवं जागरों के माध्यम से भगवती की महिमा का गुणगान किया। मान्यता है कि इस दिवारा यात्रा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और आपदाओं से रक्षा का आशीर्वाद प्राप्त होता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी प्रतीक है। वेद ऋचाओं के साथ प्रारम्भ हुई यह पूरब दिवारा यात्रा आगामी दिनों में विभिन्न पड़ावों पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आगे बढ़ेगी। पूरे तल्लानागपुर क्षेत्र में इस दिव्य आयोजन को लेकर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इस मौके पर प्रबंधक कल्याण सिंह नेगी , अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल, उपाध्यक्ष दलवीर राणा , सचिव पूर्ण सिंह खत्री, कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी, पण्डित त्रिलोचन भट्ट, रणजीत करासी, कुवर सिंह करासी, जगवीर सिंह नेगी सहित फलासी, मलाऊ, चोपता, बजूण, खडपतियाखाल, ढिमकला, किरमोडू, ढौढिक के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!