थाना गुप्तकाशी में ग्राम प्रहरियों के साथ जन-जागरुकता गोष्ठी आयोजित

थाना गुप्तकाशी में ग्राम प्रहरियों के साथ जन-जागरुकता गोष्ठी आयोजित
गुप्तकाशी। थाना गुप्तकाशी क्षेत्रांतर्गत ग्राम प्रहरियों के साथ सुरक्षा और जन-जागरुकता के लिए ”गांव की आंख और कान” बनेंगे चौकीदार को लेकर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार द्वारा थाने में नियुक्त समस्त ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना और पुलिस व ग्राम प्रहरियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
प्रभारी निरीक्षक ने ग्राम प्रहरियों को गांव में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या अप्रिय घटना की तत्काल सूचना थाना गुप्तकाशी को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस के लिए “गांव की आंख और कान” हैं, जिनकी सतर्कता से बड़े अपराधों को रोका जा सकता है।

बाहरी जनपदों से आने वाले मजदूरों, फेरीवालों और किराएदारों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र के मकान मालिकों को जागरुक करें कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को शरण न दें।
बैठक में वर्तमान में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, साइबर अपराधों (Online Fraud) के प्रति ग्रामीणों को जागरुक करने और किसी भी प्रकार की ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रभारी निरीक्षक द्वारा महिलाओं और बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के संबंध में ग्राम प्रहरियों को संवेदनशील बनाया गया और उन्हें सरकारी सुरक्षा योजनाओं व हेल्पलाइनों की जानकारी साझा करने को कहा गया।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक करने और हेलमेट व सीटबेल्ट के अनिवार्य प्रयोग का संदेश घर-घर पहुँचाने की अपील की गई।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने सभी ग्राम प्रहरियों की समस्याओं को भी सुना और उनके मनोबल को बढ़ाते हुए कहा कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है। पुलिस प्रशासन ग्राम प्रहरियों के सहयोग से एक भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।



