रुद्रप्रयाग पुलिस ने चोरी के दो आरोपी पकड़े, देहरादून से चोरी किया ट्रैक्टर भी हुआ बरामद
रुद्रप्रयाग पुलिस ने चोरी के दो आरोपी पकड़े, देहरादून से चोरी किया ट्रैक्टर भी हुआ बरामद।
रूद्रप्रयाग। रूद्रप्रयाग पुलिस ने चोरी हुए एक ट्रैक्टर को देहरादून से बरामद कर लिया है। इस मामले में दो शातिर चोर गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस टीम ने मुस्तैदी और तत्परता का परिचय देते हुए जनपद में चोरी हुए ट्रैक्टर को देहरादून के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई से बरामद कर घटना को अंजाम देने वाले 02 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
31 जुलाई को वादी रोहित द्वारा कोतवाली अगस्तमुनि में लिखित तहरीर दी गई कि उनकी कंपनी “गणपति कंस्ट्रक्शन”, जो केदारनाथ रोड पर निर्माण कार्य कर रही है, का एक ट्रैक्टर (स्वराज – UK 14 CA 3656) दिनांक 22 जुलाई 2026 को कार्य समाप्ति के बाद नई सुरंग के पास खड़ा किया गया था। जिसे अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया।
वादी की तहरीर के आधार पर तत्काल कोतवाली अगस्तमुनि पर मुकद्दमा अपराध संख्या 35/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीकृत किया गया कर विवेचनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही व गिरफ्तारी – घटना की गम्भीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले गए, सर्विलांस तथा सुरागरसी/पतारसी की मदद से लगातार साक्ष्य जुटाए गए। कड़ी मशक्कत और सटीक तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई (देहरादून) से चोरी किए गए स्वराज ट्रैक्टर को बरामद कर लिया तथा चोरी में शामिल दोनों अभियुक्तों को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को रुद्रप्रयाग लाकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त रोहित पुत्र सत्यालाल, निवासी: ग्राम काली नगर, थाना माधव टांडा, जिला पीलीभीत तथा सागर उर्फ सौरव पुत्र बलबीर सिंह, निवासी: ग्राम कुमारपुर, थाना हल्दौर, जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम में अपर उप-निरीक्षक जावेद अली, कोतवाली अगस्तमुनि तथा आरक्षी रविन्द्र सिंह, एसओजी रुद्रप्रयाग मौजूद रहे।



