दशज्यूला पट्टी आगर गांव के हवलदार रविन्द्र सिंह शहीद

दशज्यूला पट्टी आगर गांव के हवलदार रविन्द्र सिंह शहीद
रुद्रप्रयाग। दशज्यूला पट्टी के आगर गांव निवासी भारतीय सेना के जवान हवलदार रविन्द्र सिंह ने देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की है। शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव सहित जनपद में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात 36 वर्षीय हवलदार रविन्द्र सिंह पुत्र सतेंद्र सिंह राणा, वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश के अलोंग में तैनात थे। 18 जनवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान उन्होंने भारत माता की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। रविन्द्र सिंह अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार रात्रि तक रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप पहुंचेगा। मंगलवार प्रातः लगभग सात बजे पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन हेतु उनके पैतृक गांव आगर (दशज्यूला पट्टी) लाया जाएगा। इसके पश्चात अलकनंदा और मंदाकिनी संगम, रुद्रप्रयाग में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहादत की सूचना मिलने के बाद से शहीद के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान आगर चंद्रकला देवी ने बताया कि इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने जानकारी दी कि रविन्द्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे और अपने मधुर व्यवहार व सरल स्वभाव के कारण गांव के सभी लोगों के प्रिय थे।
जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल ने शहीद जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रविन्द्र सिंह ने देश की सेवा करते हुए वीरगति पाई है। उनके बलिदान से न केवल गांव बल्कि पूरे जनपद में शोक की लहर है। जनपदवासियों को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है, जिनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा।



