केदारघाटी के रामपुर में भालू का आतंक गौशाला तोड़ बछिया उठा ले गया

फाटा। केदारघाटी में भालुओं का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। बीते बुधवार को न्यालसू रामपुर में जहां भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर घायल किया था, वहीं गांव से करीब एक किमी ऊपर ड्यूली तोक में गौशाला का दरवाजा तोड़ भैंस की बछिया को उठाकर ले गया।
गुरुवार प्रातः न्यालसू रामपुर के ड्यूली तोक में गजपाल सिंह गजवाण जब अपनी गौशाला में पहुंचे तो देखा कि गौशाला का दरवाजा टूटा हुआ था अंदर भैंस के साथ बंधी बछिया गायब थी चारों ओर ढूंढने पर भी कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंचे जंगल में बछिया की ढूंढ खोज शुरू की गई लेकिन बछिया का कही पता नहीं लग पाया।
बीट अधिकारी फाटा राजेश रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग कर्मचारी मौके पर पहुंचे, भालू द्वारा गौशाला का दरवाजा क्षतिग्रस्त किया गया था। वहीं गौशाला से बछिया गायब थी जंगल में बछिया को ढूंढने का प्रयास किया गया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि गांव के समीप ट्रैप कैमरे व एनाईडर लगाए जा रहे हैं तथा वन कर्मी लगातार गांव में गश्त कर रहे हैं।
पूर्व ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह रावत ने बताया कि बुधवार सांय गांव में व्यक्ति पर भालू ने हमला किया और देर रात्रि गौशाला से बछिया उठाकर ले गया। जिस से गांव में भय का माहौल बना हुआ है महिलाएं घास के लिए जाने में कतराने लगी है। उन्होंने वन विभाग से भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।



