केदारघाटी का सीमांत गांव तोषी संचार सुविधा से आज भी अछूता

केदारघाटी का सीमांत गांव तोषी संचार सुविधा से आज भी अछूता
फाटा। केदारघाटी का सीमांत गांव तोषी आज भी संचार सुविधा से अछूता बना हुआ है। गांव में बीएसएनएल टावर का निर्माण हो जाने के बावजूद भी सेवाएं सुचारू नहीं पाई हैं, जिस कारण ग्रामीणों को फोन पर बात करने के लिए भी दूर दराज नेटवर्क की ढूंढ में जाना पड़ता है।
बता दें कि सीमांत गांव तोषी में बीते दस माह पूर्व बीएसएनएल टॉवर का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। परंतु निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद भी टावर पर संचार सेवाएं प्रारंभ नहीं हो पाई हैं। ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों एवं अपने सगे संबंधियों से बात करने के लिए दूर क्षेत्रों की दौड़ लगानी पड़ रही है। ग्राम प्रधान तोषी दीपेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आज जहां हर गांव एवं कस्बा संचार सुविधा से युक्त है वहीं उनका गांव इन सुविधाओं से वंचित बना हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अपने सगे संबंधियों से बात करने एवं आवश्यक कार्यों हेतु फोन पर वर्तालाप करने के लिए भी दूर क्षेत्र में नेटवर्क की ढूंढ में जाते हैं, उन्होंने कहा कि आज भी उनके गांव के स्कूली बच्चे डिजिटल क्लासों से वंचित हैं, साथ ही ऑनलाइन सुविधाओं का भी गांव में कोई उपयोग नहीं हो पाता है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि उनके द्वारा बीएसएनएल के अधिकारियों से वार्ता की गई तो उन्होंने अभी भी टावर का एक मुख्य पार्ट (यंत्र) आना बताया जिसके बाद ही सेवाएं प्रारंभ हो पाएंगी।
पूर्व प्रधान तोषी जगत सिंह रावत ने बताया कि नौ से दस माह पूर्व टावर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन ग्रामीण अभी भी संचार सेवा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, उन्होंने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से सुदूरवर्ती गांव तोषी में त्वरित संचार सुविधाएं प्रारंभ करवाने की मांग की है।



