उत्तराखंडगांवधार्मिकरुद्रप्रयाग

भगवान कार्तिक स्वामी के दर्शनों को पहुंच रहे श्रद्धालु, धार्मिक पौराणिक महत्ता से हो रहे रूबरू

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान मे देवभूमि बद्री – केदार – कार्तिक स्वामी यात्रा हेतु भारत गौरव मानसखण्ड एक्सप्रेस के माध्यम से विभिन्न राज्यो के 71 सदस्यीय तीर्थ यात्रियो के दूसरे दल के कार्तिक स्वामी तीर्थ पहुंचने पर कार्तिकेय मन्दिर समिति के पदाधिकारियो ने भव्य स्वागत किया तथा दल मे शामिल तीर्थ यात्री क्रौच पर्वत तीर्थ की धार्मिक ,आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व पौराणिक महत्ता से रूबरू होने के साथ क्रौच पर्वत तीर्थ के प्राकृतिक सौन्दर्य से अभिभूत हुए तथा अपने अनुभव साझा किये।

शुक्रवार को विभिन्न राज्यो के 71 सदस्यीय का अन्तिम दल क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंच कर महायज्ञ व पुराणवाचन मे प्रतिभाग कर विश्व समृद्धि की कामना करेगा तथा क्रौच पर्वत तीर्थ की धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व पौराणिक परम्पराओ से रूबरू होगा । गुरूवार को क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंचे 71 सदस्यीय दल मे अधिकांश तीर्थ यात्री दक्षिण भारत के शामिल थे । दूसरी ओर क्रौच पर्वत तीर्थ मे आयोजित महायज्ञ व पुराणवाचन के दशवे दिन आगामी शनिवार को बीहड चट्टानो के मध्य से आयोजित होने वाली भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारिया शुरू कर दी गयी है तथा प्रति दिन सैकड़ो श्रद्धालु क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंच कर पुण्य अर्जित कर रहे है । बता दे कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सहयोग से मंगलवार को देवभूमि बद्री – केदार- कार्तिक स्वामी यात्रा हेतु भारत गौरव मानसखण्ड एक्सप्रेस के माध्यम से 69 तीर्थ यात्रियो का पहला दल के क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंचा था । गुरूवार को 71 सदस्यीय दल के क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंचने पर कार्तिकेय मन्दिर समिति के पदाधिकारियो ने दल का भव्य स्वागत किया। दल मे शामिल कालेश्वरन ने बताया कि क्रौच पर्वत तीर्थ के बारे मे सिर्फ सुना था मगर क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंचने पर प्रकृति का जो नयनाभिराम दृष्टिगोचर हुआ वह हमेशा याद रहेगा तथा भविष्य मे बार – बार इस तीर्थ मे आने की लालसा रहेगी। दल मे शामिल आन्ध्रप्रदेश निवासी डी के मुरूगेशन ने बताया कि क्रौच पर्वत तीर्थ हकीकत मे धरती का साक्षात स्वर्ग है तथा क्रौच पर्वत तीर्थ से हिमालय को पहली बार अति निकट से रूबरू होने का सौभाग्य मिला। दल मे शामिल रोहिणी दिल्ली निवासी संजय रस्तोगी ने बताया कि प्रकृति ने रूद्रप्रयाग से लेकर क्रौच पर्वत तीर्थ तक के भूभाग को अपने वैभवो का भरपूर दुलार दिया है इसलिए इस भूभाग मे पहुंचने पर मन को अपार शान्ति मिली है। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सहयोग से गुरूवार को दूसरा दल क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंच कर अभिभूत हुआ तथा अपने अनुभव साझा किये। उप प्रबन्धक रमेश नेगी ने बताया कि क्रौच पर्वत तीर्थ पर आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन मे प्रतिदिन सैकड़ो श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य अर्जित कर रहे है तथा शनिवार को भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारिया शुरू कर दी गयी है । इस मौके पर प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ,कोषाध्यक्ष चन्द्र सिह नेगी ,सचिव बलराम सिंह नेगी , निवर्तमान प्रधान घिमतोली बसन्ती देवी , कुलदीप रावत, पूर्ण सिंह खत्री , भरत सिंह नेगी ,पूर्व क्षेपस मगन सिंह नेगी ,सुधीर नौटियाल सहित समिति के पदाधिकारी , सदस्य व श्रद्धालु मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!