उत्तराखंडखास खबरेंराजनीतिराष्ट्रीय

कुंड से गौरीकुंड तक यात्रा मार्ग का केदारनाथ विधायक ने स्थलीय निरीक्षण कर सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

कुंड, गुप्तकाशी, फाटा से लेकर गौरीकुंड तक विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की

यात्रा मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने, शौचालयों की व्यवस्था करने, स्वच्छता, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने एवं अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

रूद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम और सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए गुरुवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने गौरीकुंड में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में यात्रा मार्ग की विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि यात्रा शुरू होने से कम से कम एक माह पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्था पूरी कर ली जाएं।
बैठक से पूर्व केदारनाथ विधायक ने कुंड से लेकर गौरीकुंड तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (एनएच) को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द सड़क का मरम्मत कार्य पूरा किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा, विधायक ने जल संस्थान को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख यात्रा पड़ावों पर पेयजल आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। विद्युत व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी यात्रा पड़ावों पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि यात्रा मार्ग पर स्थित सभी स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मरों, तारों और स्ट्रीट लाइटों की जांच कर ली जाए और जरूरत के अनुसार मरम्मत एवं नए उपकरण लगाए जाएं।
विधायक आशा नौटियाल ने गुप्तकाशी के समीप विद्याधाम में हाईवे पर हो रहे भूस्खलन का जायजा लिया तथा सबंधित अधिकारियों को यात्रा तक इसे दुरस्थ के निर्देश दिए। उन्होंने देवीधार में हो रहे भूस्खलन को लेकर एनएच को स्कवर बनाने के निर्देश दिए। देवीधार में जुरानी गदेरे से आ रहे पानी के कारण प्रभावित क्षेत्र में भूधसाव की स्थिति और भी विकट हो रही है। जिसके लिए उन्होंने स्कवर खोलने के साथ गदेरे के सफाई के निर्देश भी दिए। या कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। विधायक ने गौरीकुंड तक स्वजल द्वारा बनाए गए शौचालयों को सुचारू करने के निर्देश भी दिए। जिसके तहत नाला, खुमेरा, मैखंडा, शेरसी एवं सीतापुर में शौचालयों को बनाने एवं व्यवस्थित करने के लिए कहा। व्यूंग गाड पुल को मार्च अंतिम सप्ताह तक इस यात्राकाल के लिए डबल लेन पुल को पूरा करने निर्देश दिए। कोरखी में बंद पडे स्कवर को इसी सप्ताह खोलने के निर्देश दिए, जिससे यहां पर भूस्खलन की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने फाटा के समीप डोलिया देवी में गुणवत्तापूर्वक निर्माण कार्य न होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यात्रा के लिए व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि केदारनाथ यात्रा में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें, ताकि यात्रा को सुचारू एवं सुरक्षित बनाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. जीएस खाती ने कहा कि श्री केदारनाथ यात्रा को सुगम व सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशन में विभिन्न विभागों के माध्यम से की जाने वाली तैयारियों एवं व्यवस्था के लिए सभी को निर्देशित किया गया है तथा सभी विभाग सफल यात्रा संचालन के लिए अपनी-अपनी तैयारियों एवं व्यवस्था में जुट गए हैं। यात्रा मार्ग में जो भी सुविधा एवं व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी है उसके लिए भी स्थानीय विधायक द्वारा आज स्थलीय निरीक्षण किया गया है तथा उनके द्वारा भी सभी विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देशित किया गया है।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओमकार पांडेय, लोनिवि, जल संस्थान, जल निगम, विद्युत सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!