गौ रक्षा विभाग की पहल निराश्रित घूम रहे गोवंश के गले में बांधे रेडियम बेल्ट, रात्रि में वाहनों की चपेट में आने से होगी सुरक्षा

नगर पालिका के सहयोग से गौ रक्षा विभाग की शानदार पहल,
रुद्रप्रयाग। गौ रक्षा विभाग की टीम ने नगर पालिका के सहयोग से रुद्रप्रयाग शहर में निराश्रित घूम रहे गोवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाने का कार्य किया है, जिससे रात के समय बड़े वाहनों की चपेट में आने से पशुओं की जान बच सके।
दरअसल, नगर पालिका रुद्रप्रयाग क्षेत्र के अलावा अन्य शहरी इलाकों में बड़ी तादात में निराश्रित गौ वंश घूम रहे हैं। इन गोवंश को रात के समय वाहन चालक अपने वाहनों से कुचल रहे हैं, जिस कारण ये चोटिल होने के साथ ही असमय मौत का शिकार भी हो रहे हैं। ऐसे में गौ रक्षा विभाग की ओर से नगर पालिका से इन निराश्रित गोवंश की जान बचाने को लेकर इनके गले में रेडियम बेल्ट लगाने का निवेदन किया गया। गौ रक्षा विभाग की मांग पर नगर पालिका की ओर से रेडियम बेल्ट उपलब्ध कराये गए। मंगलवार रात के समय गौ रक्षा विभाग की टीम ने नगर पालिका के सफाई कर्मियों के सहयोग से रुद्रप्रयाग शहर में निराश्रित घूम रहे गोवंश के गले में रेडियम बेल्ट बांधे।
गौ रक्षा विभाग के जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि रेडियम बेल्ट लगाने का मकसद, रात में वाहनों की रोशनी में गोवंश को दूर से दिखाना और दुर्घटनाओं को रोकना है। बताया कि यह बेल्ट, उच्च दृश्यता वाली अल्ट्रा-रिफ़्लेक्टिव सामग्री से बना होता है। रात में वाहनों की रोशनी में यह बेल्ट चमकती है, जिससे वाहन चालक सतर्क हो जाते हैं। इससे गोवंश और वाहन चालकों दोनों की जान बचती है।
उन्होंने बताया कि गौ रक्षा विभाग की ओर से बद्रीनाथ हाईवे से सटे सिरोबगड़ के ठीक सामने पपड़ासू गांव में बनाये गए निराश्रित गोवंश रक्षाशाला में 30 के करीब गोवंश की अपने संसाधनों से सेवा की जा रही है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग के शहर के साथ ही अन्य जगहों पर निराश्रित गोवंश की सेवा की जा रही है। गौ रक्षा विभाग का मकसद शहरी इलाकों में घूम रहे निराश्रित गोवंश का संरक्षण और इनका संवर्धन करना है, जिसको लेकर धरातल पर कार्य किया जा रहा है।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक शिवराज सिंह पंवार ने कहा कि रात में सड़क पर बैठे गोवंश दिखाई नहीं देते हैं , जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। काले रंग के गोवंश सबसे ज़्यादा दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। ऐसे में शहर में निराश्रित घूम रहे गोवंश की रक्षा को लेकर रेडियम बेल्ट लगाये गए हैं। इस मौके पर नगर पालिका सफाई निरीक्षक शिवराज पंवार, गौ रक्षा विभाग के जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी, कोषाध्यक्ष संदीप कप्रवाण, उपाध्यक्ष दीपक नौटियाल, सचिव दीपक बिष्ट, अंकित राणा, कमल किशोर भट्ट, दुर्गा प्रसाद देवशाली, दुर्गेश चमोली, मनीष गोडियाल सहित अन्य मौजूद थे।



