अस्त्र शस्त्र विसर्जन के साथ पाण्डव नृत्य का हुआ समापन

अस्त्र शस्त्र विसर्जन के साथ पाण्डव नृत्य का हुआ समापन
फाटा। केदारघाटी के ग्राम सभा न्यालसू रामपुर में आयोजित पाण्डव नृत्य का अस्त्र शस्त्र विसर्जन के साथ सोमवार को समापन हो गया है।
न्याय पंचायत फाटा के ग्राम सभा न्यालसू रामपुर के जाख देवता चौक परिसर में 16 वर्षों बाद पाण्डव नृत्य का आयोजन किया गया। पाण्डव नृत्य के आयोजन से न्याय पंचायत क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा। 26 नवम्बर से पांडव नृत्य का शुभारंभ हुआ। पाण्डव नृत्य में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। 21 दिवसीय पाण्डव नृत्य में गंगा स्नान, तीर्थ भ्रमण, नगर भ्रमण, हाथी कौथि, गैंडा कौथि सहित अनेक धार्मिक, पौराणिक, आध्यात्मिक परम्पराओं का निर्वहन किया गया। वहीं, पाण्डव नृत्य के बीसवें दिन हाथी कौथि का आयोजन किया गया। जिसमें भीम दुर्योधन युद्ध का मंचन हुआ।
वहीं पांडव नृत्य के इक्कीसवें दिन 16 दिसंबर को अस्त्र शस्त्र विसर्जन के साथ पाण्डव नृत्य का समापन हुआ।
पाण्डव लीला के अंतिम दिन केदारघाटी के दूरदराज क्षेत्रों से आमजन पहुंचे। वहीं पांडव लीला में कृष्ण – तनुज रावत, युधिष्ठिर – सुंदर सिंह रावत, भीम – राज किशोर चौहान , अर्जुन – विजय सिंह गजवान, नकुल – रघुवीर सिंह, सहदेव – रणजीत सिंह, हनुमान – कुंवर सिंह रावत , द्रौपदी – दीवान सिंह रावत, सुभद्रा – विजेंद्र, बर्बरीक- सुरेन्द्र सिंह पांडव लीला में पश्वाओं की भूमिका निभा रहे हैं। दुर्योधन के किरदार की भूमिका में उमेद सिंह गजवाण रहे।
पाण्डव नृत्य कमेटी अध्यक्ष मोहन सिंह चौहान ने बताया कि 16 वर्षों बाद पाण्डव नृत्य का आयोजन होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह बना रहा, तथा प्रतिदिन नजदीकी गांव के ग्रामीणों ने पाण्डव नृत्य में शामिल होकर पुण्य अर्जित किया। उन्होंने कहा कि पाण्डव नृत्य के बीसवें दिन 15 दिसंबर को हाथी कौथि का भव्य आयोजन किया गया तथा आज 16 दिसंबर को अस्त्र शस्त्र विसर्जन के साथ पाण्डव लीला का समापन हुआ, उन्होंने समस्त ग्रामीणों एवं क्षेत्र वासियों के सहयोग हेतु सफल आयोजन के लिए आभार प्रकट किया। समिति के सचिव प्रेमदत्त गोस्वामी ने बताया कि सम्पूर्ण गांव के सहयोग से भव्य पाण्डव नृत्य का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पांडव लीला में गंगा स्नान तीर्थ भ्रमण, ग्राम भ्रमण, गैंडा कोथि, हाथी कोथि सहित अनेक धार्मिक पौराणिक, आध्यात्मिक परम्पराओं का निर्वहन पाण्डव पश्वाओ व ग्रामीणों द्वारा किया गया, उन्होंने समस्त ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रमोद रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य अंजली देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रमिला देवी, संरक्षक दिनेश सिंह रावत, उपाध्यक्ष मुकेश रावत, कोषाध्यक्ष खुशाल सिंह रावत सहित समस्त ग्रामीण व भक्त मौजूद रहे।



