
रणधार-बधाणीताल से बक्सीर छेनागाड़ मोटर मार्ग डामरीकरण/अपग्रेडेशन ,26 किमी मोटर मार्ग का निर्माण होने से स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
लंबे समय से मोटर मार्ग डामरीकरण/अपग्रेडेशन को लेकर की जा रही थी मांग
रूद्रप्रयाग। लंबे समय से रणधार-बधाणीताल से बक्सीर छेनागाड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण/अपग्रेडेशन की हो रही थी मांग जिसका मंगलवार को रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई दी। साथ ही संबंधित निर्माण इकाई से गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्य समय से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विकास खंड जखोली के रणधार-बधाणीताल से बक्सीर छेनागाड़ मोटर मार्ग डामरीकरण/अपग्रेडेशन की लंबे समय से क्षेत्रीय ग्रामीणों द्वारा मांग की जा रही थी। इसके लिए स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को आंदोलन के लिए भी बाध्य होना पड़ा था। लगभग 2377.07 लाख की लागत से 26.350 किमी उक्त मोटर मार्ग डामरीकरण/ अपग्रेडेशन का कार्य अगस्त, 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इस अवसर पर वासुदेव मंदिर समिति के पदाधिकारियों व उत्साहित ग्रामीणों द्वारा विधायक श्री भरत सिंह चौधरी को चांदी का मुकुट पहनाकर उनका स्वागत व सम्मान किया किया।

उक्त आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर रुद्रप्रयाग विधायक श्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार विकास के प्रति संकल्पित है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीणों की जनभावनाओं के दृष्टिगत उक्त कार्य के लिए धनावंटित किया गया। इससे निश्चित रूप से स्थानीय ग्रामीण लाभान्वित होंगे। उन्होंने क्षेत्रीय जनता को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि उक्त कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयानुसार पूर्ण कर लिया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा महावीर सिंह पंवार, नरेंद्र सिंह रौथाण, धूम सिंह राणा, अनिल सेमवाल, संपूर्णानंद सेमवाल, दीपा धीरवान, सरवीर मेंगवाल, कुलेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।



