16 पेटी अवैध शराब के साथ अभियुक्त गिरफ्तार

बिना नम्बर प्लेट के टूर वाहन में 16 पेटी शराब की तस्करी करने वाले अभियुक्त को रुद्रप्रयाग पुलिस ने किया गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा में अवैध शराब की तस्करी, परिवहन, विक्रय करने वालों के विरुद्ध जनपद पुलिस की धर-पकड़ निरन्तर जारी है।
केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं के सकुशल संचालन के लिए जनपद पुलिस के स्तर से प्रभावी चेकिंग करते हुए, यात्रा की आड़ में शराब की तस्करी करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया हुआ है।
कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस द्वारा चैकिंग अभियान के दौरान विजेन्द्र प्रसाद पुत्र श्री विश्वनाथ प्रसाद निवासी ग्राम त्रियुगीनारायण, कोतवाली सोनप्रयाग, जिला रुद्रप्रयाग को बिना नम्बर के टूर वाहन में कुल 16 पेटी शराब की बरामदगी की गयी है। सबसे बड़ी बात कि पकड़ी गयी शराब की पेटियां अद्दे (हाफ) एवं क्वार्टर (पव्वे) के रूप में मिली हैं, ताकि बिना किसी झंझट के यात्रा मार्ग पर ऊॅंचे दामों में बेचा जा सके। गिरफ्तार व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नम्बर के टूर वाहन को सीज किया गया है।
चैकिंग के दौरान पुलिस टीम में उप निरीक्षक प्रदीप चौहान, गोविन्द्र सिंह, अतुल लिंगवाल, सन्दीप झिंक्वाण, आशीष, सहित पुलिस बल मौजूद रहे।
रुद्रप्रयाग पुलिस के स्तर से प्रचलित यात्राकाल में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अब तक कुल 29 मुकदमे दर्ज किये गये हैं, जिनमें 36 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी मामलों में करीबन ₹ 5.10 लाख मूल्य की 837 बोतल, 72 केन बियर व 5 लीटर कच्ची शराब की बरामदगी हुई है।



