मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज, जनपदवासियों से समय पर दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अपील

रूद्रप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद रुद्रप्रयाग में 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई, 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। इसके बाद 13 अगस्त, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। वहीं, दावों एवं आपत्तियों एव नोटिस की सुनवाई केदारनाथ विधानसभा में 27 अगस्त ,जबकि रुद्रप्रयाग विधानसभा में 29 अगस्त तक कि जाएगी,
उन्होंने बताया कि 01 अगस्त, 2026 तक जनपद में कुल 45,734 नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 12,569 नोटिसों का वितरण किया जा चुका है। नोटिस वितरण की प्रक्रिया को और अधिक गति देने के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO), बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जिन नागरिकों को अपने नाम, पते अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराना हो, नया नाम जुड़वाना हो या किसी प्रकार की दावा-आपत्ति प्रस्तुत करनी हो, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा अन्य अधिकृत माध्यमों से आवेदन अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करते हुए शत-प्रतिशत शुद्ध एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार करना है। इस अभियान की सफलता में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और जनपद प्रशासन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ इस कार्य को संपादित करने के लिए प्रतिबद्ध है।



