हल्द्वानी रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामला : रुद्रप्रयाग कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

रुद्रप्रयाग। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर यज्ञ और गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किए जाने के मामले में रुद्रप्रयाग कांग्रेस ने थाना प्रभारी कोतवाली रुद्रप्रयाग को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित किया था। आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद पाण्डेय, अध्यक्ष श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास एवं 15 अन्य अज्ञात लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत रामलीला मैदान में यज्ञ और गंगाजल का छिड़काव कर कथित शुद्धिकरण किया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार की कार्रवाई अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने तथा सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली है। ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे अनुसूचित जाति/जनजाति के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची।
ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 14 और 17 का हवाला देते हुए मामले को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई योग्य बताया गया है। साथ ही राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 और बीएनएस की सुसंगत धाराओं में भी कार्रवाई की मांग की गई है।
कांग्रेस ने ज्ञापन में 13 अगस्त को राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा मामला उठाए जाने का उल्लेख करते हुए भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों का भी जिक्र किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मामले में अलग-अलग बयानों के जरिए कथित शुद्धिकरण की कार्रवाई को सही ठहराने का प्रयास किया गया।
ज्ञापन के माध्यम से रुद्रप्रयाग कांग्रेस ने पुलिस से तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर दोषियों की गिरफ्तारी तथा कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।



