उत्तराखंडखास खबरें

सोनप्रयाग क्षेत्र से चोरी हुए दो खच्चरों को पुलिस ने किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार

चोरी हुए 4.50 लाख रुपये के दो खच्चर बरामद, आरोपी गिरफ्तार

सोनप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग क्षेत्र से चोरी हुए दो कीमती खच्चरों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने चमोली जिले के नन्दप्रयाग क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद खच्चरों की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार सोनप्रयाग क्षेत्र से स्थानीय आजीविका के प्रमुख साधन दो खच्चर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए थे। मामले में शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर थाना सोनप्रयाग में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने सोनप्रयाग और आसपास के यात्रा मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई। पुलिस की पतारसी और सुरागसी के आधार पर 8 सितंबर की देर रात चमोली जिले के नन्दप्रयाग क्षेत्र से आरोपी मदन सिंह नेगी पुत्र स्व. नैन सिंह नेगी, निवासी ग्राम स्यारी बंगाली, पोस्ट बंगाली, थाना नन्दानगर, जनपद चमोली को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों खच्चरों को सुरक्षित बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हर्ष मोहन, अपर उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह नेगी, आरक्षी कुलदीप भारती और आरक्षी विपिन भण्डारी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!