सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय बनाते हुए सड़क सुरक्षा के लिए हर संभव करें प्रयास, अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई आयोजित
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार हो कार्रवाई ,

अक्टूबर माह में 496 लोगों के किए गए चालान , जिसमें 56 लोगों के चालान न्यायालय भेजे गए ,जबकि 436 लोगों पर ढाई लाख रुपये की वसूली की गई।
रुद्रप्रयाग। अपर जिला अधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में एनआइसी सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। अपर जिला अधिकारी ने संबंधित विभागों की यात्रा सुगम एवं सुखद बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान समेत नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए सड़क सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी जखोली परमानंद राम ने बताया कि उनके क्षे़त्र में सड़क का निर्माण शुरु होने के बावजूद मुआवजा न मिलने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, इसके अलावा लिंक रोड़ों पर मरम्मत कार्याें की मांग भी मिल रही हैं। इस पर अपर जिला अधिकारी ने एनएच, लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई जिले के सभी मार्गाें का सर्वे कर जल्द से जल्द गड्डा मुक्त करने एवं मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। वहीं मुआवजे से जुड़ी सभी शिकायतों को बिना देरी निस्तारित करने को कहा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेंद्र विराटिया ने सड़क निर्माण एजेंसियों से महीने के पहले सप्ताह में ही सड़क सर्वे एवं परीक्षण की फाइल भेजने की अपील की, ताकि महीने के अंत तक सभी सर्वे कार्य समय पर पूरे हो सकें। अपर जिला अधिकारी ने शिक्षा विभाग को स्कूलों में एवं पुलिस प्रशासन को लगातार जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर सभी लोगों को सड़क सुरक्षा की जानकारी देने के निर्देश दिए।
दस महीनों में दस हजार से ज्यादा चालान
सीओ ट्रैफिक हर्षवंती सुमन ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लघंन करने वालों पर अक्टूबर माह में 496 लोगों के चालान किए गए हैं, जिसमें 56 लोगों के चालान न्यायालय भेजे गए जबकि 436 लोगों पर ढाई लाख रुपये की वसूली की गई। नौ लोगों के वाहन सीज किए गए, चार लोगों के चलान नशे में गाड़ी चलाने, ओवर लोडिंग में 57 जबकि 22 लोगों के चालान बिना हेलमेट पर किए गए। बताया कि जनवरी से अब तक कुल 7787 चालान हुए हैं, जिसमें 1253 चालान कोर्ट भेजे गए। शमन शुल्क के कुल 6534 चालान हुए जिनसे 3738500 रुपये वसूले गए। पिछले दस महीनों में 112 वाहन सीज किए गए, नशे में वाहन चलाने पर 34, ओवर स्पीड में 74, ओवर लोडिंग में 152 और बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर 532 चालान किए जा चुके हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेंद्र विराटिया ने बताया कि जनवरी से अब तक कुल 2800 चालान किए जा चुके हैं जिसमें करीब 65 लाख रुपये की वसूली की गई है।
इस अवसर पर अधि अभियंता लोनिवि रुद्रप्रयाग जेएस रावत, उखीमठ मनोज कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



