मोहनखाल-किनझाणी-तुंगनाथ संघर्ष समिति का मोटर मार्ग की मांग पर 18वें दिन भी धरना जारी

मोहनखाल-किनझाणी-तुंगनाथ संघर्ष समिति का मोटर मार्ग की मांग पर 18वें दिन भी धरना जारी
रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर मोहनखाल-किनझाणी-तुंगनाथ संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। मंगलवार को आंदोलन के 18वें दिन मूसलाधार बारिश के बीच भी आंदोलनकारी धरना स्थल पर डटे रहे। आंदोलनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तुंगनाथ मोटर मार्ग निर्माण की मांग को जल्द पूरा करने की आवाज बुलंद की।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि उनकी मांग को लेकर अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने तक नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि बारिश हो या मौसम की कोई दूसरी चुनौती, आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मोटर मार्ग निर्माण को लेकर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जाता। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन से क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय लोगों की जरूरत को देखते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी, सचिव वासुदेव नेगी, उपाध्यक्ष दीपक थपलियाल, सहसचिव धर्मेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष राजीव नेगी, विनोद बिष्ट, विशाल नेगी, रमेश थपलियाल, जितेंद्र शाह, सुनील नेगी, बृजपाल सिंह, हरीश नेगी, पुष्कर सिंह और अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।



