उत्तराखंडगांवधार्मिक

केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा कर मूल स्थान में विराजमान हुईं मां महिष मर्दिनी

केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा कर मूल स्थान में विराजमान हुईं मां महिष मर्दिनी

फाटा (रूद्रप्रयाग)। नौजुला मैखंडा की आराध्य सिद्धपीठ मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा सोमवार को माता की डोली के मूल स्थान में विराजमान होने के साथ विधि-विधान और पौराणिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हो गई। माता की डोली के मैखंडा पहुंचने पर सैकड़ों श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने फूल-अक्षत अर्पित कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र माता के जयकारों से गूंज उठा।

नौ अगस्त से शुरू हुई देवरा यात्रा के दौरान मां महिष मर्दिनी की डोली ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इसके बाद माता की डोली केदारनाथ धाम पहुंची, जहां दर्शन-पूजन के बाद गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा की गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता की डोली के साथ रहे।

रविवार छह सितंबर को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पूर्ण करने के बाद माता की डोली मैखंडा पहुंची और रात्रि विश्राम किया। सोमवार सुबह डोली को मूल मंदिर की ओर ले जाया गया। मंदिर परिसर में पहुंचने पर पुजारियों ने वेद मंत्रोच्चार के साथ माता का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पुष्प एवं अक्षत अर्पित कर पूजा-अर्चना की। करीब सवा 11 बजे माता की डोली मंदिर में विराजमान हुई, जिसके बाद पौराणिक परंपराओं के अनुसार विशेष पूजा-अर्चना की गई।

देवरा यात्रा समिति के अध्यक्ष दर्शन सिंह गुसाईं ने बताया कि नौजुला मैखंडा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कुशलता की कामना को लेकर देवरा यात्रा आयोजित की गई थी। माता की डोली के मूल स्थान में विराजमान होने के साथ ही यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

इस अवसर पर पुजारी ओमप्रकाश सेमवाल, सुनील सेमवाल, प्रवीण सेमवाल, आचार्य रामकृष्ण जमलोकी, समिति सचिव धीरेंद्र सिंह, विष्णु कुर्मांचली समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!