उत्तराखंडखास खबरें

इंसानियत को शर्मसार करने वाला वीडियो वायरल, नदी में फेंके गए बेबस कुत्ते पर बरसाए पत्थर, वीडियो वायरल

रुद्रप्रयाग। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो पशु क्रूरता और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो को रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता और स्थान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर एक कुत्ते को नदी में फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद पानी में असहाय नजर आ रहे कुत्ते पर पत्थर फेंके जाने के दृश्य भी वीडियो में दिखाई देते हैं। वीडियो के दृश्य बेहद विचलित करने वाले हैं और इसे देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

लोगों का कहना है कि बेजुबान पशु भी दर्द और भय महसूस करते हैं तथा उन्हें भी जीवन जीने का अधिकार है। ऐसे में किसी असहाय पशु के साथ कथित तौर पर इस तरह का व्यवहार न केवल पशु क्रूरता का गंभीर मामला है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं पर भी सवाल खड़े करता है।

गौरतलब है कि रुद्रप्रयाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा और आक्रामक कुत्तों की समस्या को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। समय-समय पर कुत्तों के हमलों में लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में पशु के साथ क्रूरता का कथित वीडियो सामने आने से यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर है। सवाल उठ रहा है कि यदि वीडियो रुद्रप्रयाग के घोलतीर क्षेत्र का ही है और इसमें दिखाई दे रही घटना वास्तविक पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

पशु प्रेमी रोहित डिमरी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता, घटना के स्थान और पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच की जानी चाहिए। यदि जांच में पशु के साथ क्रूरता की बात सही पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बेजुबान जीव के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।

फिलहाल वीडियो की सत्यता और घटना के वास्तविक स्थान की पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!