भगवती चामुण्डा की द्वितीय चरण की दिवारा यात्रा की सभी तैयारिया हुई पूरी

लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। कालीमठ घाटी की भगवती चामुण्डा की कल मंगलवार से शुरू होने वाली दूसरे चरण की दिवारा यात्रा की सभी तैयारिया पूरी कर ली गयी है। दूसरे चरण की दिवारा यात्रा मे शामिल होने के लिए भक्तो व धियाणियो ने गांवो की ओर रूख करने से कालीमठ घाटी के सीमान्त गांवो मे रौनक लौटने लगी है । दूसरे चरण की दिवारा यात्रा मे भगवती चामुण्डा विभिन्न तीर्थ स्थलो व गांवो का भ्रमण कर ग्रामीणो की कुशलक्षेम पूछेगी तथा अगले वर्ष 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्व पर हरि के द्वार हरिद्वार मे तीर्थ दर्शन व तीर्थ स्नान करेगी । भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की दिवारा यात्रा को लेकर, खोन्नू ,जाल तल्ला ,जाल मल्ला , चिलौण्ड व चौमासी के ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है।
जानकारी देते हुए दिवारा यात्रा समिति अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी ने बताया कि भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की दिवारा यात्रा का शुभारंभ कल मंगलवार को जाल मल्ला भण्डार गृह से होगा जिसकी सभी तैयारिया पूरी कर दी गयी है। संरक्षक कृपाल सिंह राणा , उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी ने बताया कि दूसरे चरण की दिवारा यात्रा के तहत भगवती चामुण्डा , भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओकारेश्वर मन्दिर, सिद्धपीठ धारी देवी , भागीरथी – अलकनंदा संगम स्थल देवप्रयाग सहित विभिन्न तीर्थ स्थलो का भ्रमण कर 13 जनवरी को हरिद्वार पहुंचेगी तथा 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्व पर हरिद्वार मे तीर्थ स्नान व तीर्थ दर्शन करेगी । सचिव कीरत सिंह राणा ने बताया कि भगवती चामुण्डा की समय – समय पर चार चरणो की दिवारा यात्राये सम्पन्न होने के बाद विशाल यज्ञ के बाद भगवती चामुण्डा जगत कल्याण के लिए अपने तप स्थल चौरा नामक सिद्धपीठ मे तपस्यारत होगी ।
वही, दूसरी ओर जगत कल्याण के लिए सरस्वती नदी के किनारे सिद्धपीठ कालीमठ मे तपस्यारत भगवती काली की दिवारा यात्रा भी इन दिनो कालीमठ घाटी के सीमान्त गांवो का भ्रमण कर ग्रामीणो की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है तथा ग्रामीणो द्वारा पुष्प वर्षा कर भगवती काली की दिवारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है । दिवारा यात्रा समिति अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने बताया कि इन दिनो भगवती काली की दिवारा यात्रा कालीमठ घाटी के सीमान्त गांवो का भ्रमण कर श्रद्धालुओ को आशीर्वाद दे रही है तथा हर गांव मे ग्रामीणो द्वारा दिवारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है। मंत्री सुरेशानन्द गौड़ ने बताया कि 15 वर्षो बाद भगवती काली की दिवारा यात्रा का आयोजन होने से ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है । कालीमठ मन्दिर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि दिवारा यात्रा के दौरान भगवती काली विभिन्न तीर्थ स्थलो व गांवो का भ्रमण कर श्रद्धालुओ को आशीर्वाद देगी ।



