उत्तराखंडखास खबरें

देवीधार में बरसाती नाले के उफान से हाईवे क्षतिग्रस्त, जोखिम भरी बनी आवाजाही, ग्रामीणों की बरसाती नाले की निकासी बेहतर बनाने की मांग

देवीधार में बरसाती नाले के उफान से हाईवे क्षतिग्रस्त, जोखिम भरी बनी आवाजाही, ग्रामीणों ने बड़ी पुलिया निर्माण की मांग उठाई

गुप्तकाशी(रूद्रप्रयाग)। केदारघाटी में बीती रात हुई तेज बारिश के चलते देवीधार के समीप बरसाती नाला उफान पर आ गया। नाले के तेज बहाव से केदारनाथ हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित रही। कार्यदायी संस्था ने देर रात ही मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया, लेकिन सड़क की स्थिति को देखते हुए अभी भी यहां से आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है।

तेज बारिश के दौरान बरसाती नाले के विकराल रूप लेने से आसपास के भवनों में रहने वाले लोग भी भयभीत रहे। नाले के तेज बहाव से खेतों में कटान होने के साथ ही हाईवे को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान यह नाला पूर्व में भी कई बार उफान पर आ चुका है, लेकिन इसकी निकासी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।

ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था पर बरसाती नाले की निकासी को छोटा रखने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नाले के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त चौड़ाई की पुलिया का निर्माण किया जाना आवश्यक है। साथ ही गांव के ऊपर से नाले का स्थायी ट्रीटमेंट किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में हाईवे और आसपास के भवनों को नुकसान से बचाया जा सके।

ग्रामीण अंकित राणा ने बताया कि रात करीब दस बजे तेज बारिश के दौरान देवीधार के समीप बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया, जिससे हाईवे क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों की आवाजाही रुक गई। कार्यदायी संस्था ने देर रात मार्ग खोल दिया, लेकिन सड़क पर अभी भी आवाजाही सुरक्षित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की।

ग्रामीण विजय सिंह रावत, दरवान सिंह नेगी, आत्मा राम बहुगुणा, राजेंद्र नेगी और कमला देवी ने शासन-प्रशासन से बरसाती नाले की निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और मौके पर बड़ी पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!