घास के लिए गई महिलाओं पर भालू ने किया हमला
दो महिलाओं को किया घायल

घास के लिए गई महिलाओं पर भालू ने किया हमला
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक में भटवाडी गांव की घास के लिए गई दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घास लेने के दौरान साथ में और महिलाओं के शोर-शराबा करने के बाद किसी तरह महिलाओं की जान बचाई गई। ग्रामीणों द्वारा दोनों घायल महिलाओं को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जखोली ब्लॉक के भटवाड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब 9 बजे भटवाडी गांव की पांच महिलाएं घास के लिए गांव के पास ही खेतों में गई। इसी बीच दो महिलाएं अन्य महिलाओं से आगे नीचे की ओर घास काटने निकल गई जबकि अन्य तीन महिलाएं ऊपरी खेतों की ओर घास लेने के लिए रुक गई। इसी बीच भालू ने खेतों से निचली क्षेत्र की ओर घास काट रही रेखा देवी (30) एवं सरोजनी देवी (44) पर अचानक हमला कर दिया जिससे दोनों घायल हो गई। रोती-चिल्लाती हुई दोनों महिलाएं ऊपर की ओर भागी। तभी ऊपर मौजूद तीन अन्य महिलाएं भी चिल्लाने लगी। शोर-शराबा करने के बाद किसी तरह महिलाएं जान बचाने में कामयाब हो गई।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। एक महिला के सिर पर गंभीर चोटें हैं जबकि दूसरी के मुंह और शरीर पर चोटें हैं। ग्रामीण महिला कुसमा देवी ने बताया कि गांव में पहले भी कई बार घटनाएं हो चुकी है। महिलाएं अपने को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उन्होंने प्रशासन, वन विभाग से शीघ्र मदद और सुरक्षा की मांग की है। सीएमएस आरएस पाल ने बताया कि एक महिला के सिर पर चोट है जबकि दूसरी के शरीर और मुंह पर चोटें आई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



