गुप्तकाशी। उपजिला चिकित्सालय के निर्माण को लेकर केदारकाशी संघर्ष समिति ने एक बार फिर आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।
नगर पंचायत गुप्तकाशी की अध्यक्ष विशेश्वरी देवी की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में चिकित्सालय निर्माण के लिए पूर्व में चयनित भूमि पर ही निर्माण कराने की मांग को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही संघर्ष को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए समिति का पुनर्गठन किया गया।
समिति ने कहा कि उपजिला चिकित्सालय के लिए प्रशासन द्वारा पूर्व में नाला तोक के गढ़तरा में भूमि का चयन किया गया था। समिति के अनुसार संबंधित भूमि के आवश्यक प्रशासनिक दस्तावेज और प्रक्रियाएं भी पूरी की जा चुकी थी, जबकि इसी भूमि पर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई थी।अब ल्वारा तोक में चिकित्सालय निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने पर समिति ने चिंता जताई है।



