केदारघाटी में बारिश से बढ़ी मुश्किलें, भू धंसाव की चपेट में आया 11 केवी का डबल पोल

केदारघाटी में बारिश से बढ़ी मुश्किलें, भू धंसाव की चपेट में आया 11 केवी का डबल पोल
फाटा (रूद्रप्रयाग)। केदारघाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदी-नाले उफान पर हैं तो जगह-जगह भू-धंसाव होने से सड़क और पैदल मार्गों पर खतरा बढ़ गया है। बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में लोग भय के साए में रहने को मजबूर हैं।
गत रात्रि हुई तेज बारिश के दौरान रामपुर के समीप कलाडूंगी में बरसाती गदेरे का तेज बहाव के कारण हुए भू-धंसाव की चपेट में आने से विद्युत विभाग की 11केवी लाइन का डबल पोल क्षतिग्रस्त हो गया। पोल के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पर भी असर पड़ने की स्थिति बनी हुई है।
विद्युत विभाग के जेई दीपक सेमवाल ने बताया कि बीती रात हुई बारिश के कारण 11केवी लाइन का डबल पोल क्षतिग्रस्त हुआ है। विभाग की ओर से पोल को शीघ्र दुरुस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त 11 केवी लाइन क्षेत्र में बैकअप व्यवस्था के तौर पर बनाई गई है। जिसके क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होगी।जल्द ही पोल की मरम्मत शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी आने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे बारह बजे तक दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाई
लगातार बारिश और संभावित आपदा के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ा दी है। आपदा तंत्र को क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, केदारनाथ यात्रा को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैदल मार्ग पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।
बारिश का सिलसिला जारी रहने से आने वाले समय में भू-धंसाव और मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने यात्रा मार्ग के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को सुरक्षित बनाए रखना बड़ी चुनौती बना हुआ है।



