उत्तराखंडखास खबरेंफटाफट ख़बरें

मौसम साफ होते ही केदारघाटी में बढ़ने लगी रौनक, बदहाल हाईवे को लेकर कारोबारियों की चिंता बढ़ी

15 सितंबर से हेली सेवाएं शुरू,

फाटा ( रूद्रप्रयाग )। केदारघाटी में लगातार बारिश के बाद पिछले दो दिनों से मौसम में सुधार होने लगा है। गुरुवार को क्षेत्र में चटक धूप खिलने से ग्रामीणों और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। मौसम साफ होने के साथ ही केदारनाथ यात्रा के भी रफ्तार पकड़ने की उम्मीद बढ़ गई है। यात्रियों की संख्या में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

जुलाई और अगस्त माह में बारिश के चलते यात्रा और स्थानीय कारोबार के साथ खेती भी प्रभावित रही। अब मौसम खुलने से व्यापारियों को आगामी दिनों में यात्रा बढ़ने और कारोबार में सुधार की उम्मीद है। वहीं, 15 सितंबर से केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं का संचालन शुरू होने से यात्रा के द्वितीय चरण में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बारिश थमने के बाद घोड़े-खच्चर संचालक भी गौरीकुंड की ओर लौटने लगे हैं।

हालांकि यात्रा बढ़ने की उम्मीद के बीच केदारनाथ हाईवे की बदहाल स्थिति स्थानीय कारोबारियों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। कुंड से गौरीकुंड के बीच कई स्थानों पर सड़क गड्ढों, भू-धंसाव और पहाड़ी से आए मलबे के कारण क्षतिग्रस्त है। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनने की आशंका है।

सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेमवाल ने कहा कि 15 सितंबर से हेली सेवाएं शुरू होने के साथ यात्रा में तेजी आने की संभावना है, लेकिन हाईवे की स्थिति प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर गड्ढों को मिट्टी से भरकर खानापूर्ति की जा रही है, जबकि सड़क पर पड़ा मलबा अभी तक नहीं हटाया गया है। उन्होंने यात्रा बढ़ने से पहले हाईवे की स्थिति दुरुस्त करने की मांग की।

होटल कारोबारी संदीप रावत ने बताया कि रामपुर स्लाइडिंग जोन में सड़क का बड़ा हिस्सा भू-धंसाव की चपेट में है। यात्रा बढ़ने पर यहां जाम की समस्या गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से यात्रा शुरू होने से पहले रामपुर समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुधार और मलबा हटाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!