लक्ष्मण सिंह नेगी।
हादसे में पंच केदार होटल एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ कैलाश पुष्पाण का निधन
रक्षाबंधन के दिन हादसे से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
ऊखीमठ। भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हुई इस घटना से मृतक के परिजनों एवं क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर एक स्कूटी सवार को टाटा सूमो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन चालक घायल व्यक्ति को उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पंच केदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पाण के पति कैलाश पुष्पाण के रूप में बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों व क्षेत्र में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के त्योहार के बीच परिवार में हुई इस दुखद घटना ने खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया।
हादसे की सूचना क्षेत्र में पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य केंद्र गुप्तकाशी पहुंचने लगे हैं तथा ऊखीमठ में व्यापारियों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार टाटा सूमो चालक फरार बताया जा रहा है तथा पुलिस प्रशासन द्वारा गुप्तकाशी में शव का पंचानामे की कार्यवाही की जा रही है।
वहीं, दूसरी ओर ऊखीमठ पुलिस प्रशासन का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद पुलिस द्वारा मामले की विधिवत जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के वास्तविक कारणों तथा दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



