मोटर पुल निर्माण को लेकर डमार गांव के ग्रामीणों का चौथे दिन भी धरना जारी, विधायक से वार्ता के बाद एक फरवरी को होने वाला जाम स्थगित

रूद्रप्रयाग। भीरी- डमार मोटरमार्ग पर पुल के निर्माण की मांग को लेकर आन्दोलित डमार गांव के ग्रामीणों का क्रमिक धरना प्रदर्शन आज चौथे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों के धरने को जहां अपार जन समर्थन मिल रहा है वहीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने धरनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही पुल पर कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। जिसके बाद ग्रामीणों ने एक फरवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित चक्का जाम को स्थगित कर दिया है। परन्तु कार्य प्रारम्भ होने तक क्रमिक अनशन जारी रखने का निर्णय लिया।
दरअसल कई वर्षों बाद भी भीरी डमार मोटरमार्ग पर 48 मी स्टील गार्डर पुल निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों द्वारा अपने आन्दोलन के प्रथम चरण में 27 जनवरी से क्रमिक धरना प्रारम्भ कर दिया गया था। गौरीकुण्ड राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौल्यूं बैण्ड जहां से डमार गांव के लिए सड़क कटी है, वहां पर ग्रामीणों द्वारा क्रमिक धरना प्रारम्भ किया गया था। ग्रामीणों ने मांग पूरी न होने पर एक फरवरी को गौरीकुण्ड राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने की चेतावनी भी दी थी। ग्रामीणों के आन्दोलन को भारी जन समर्थन भी मिल रहा है। ग्रामीणों के धरने पर बैठने के पहले दिन ही केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने जिलाधिकारी से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्या के निराकरण के लिए प्रयास करने को कहा था। जिसके बाद ऊखीमठ एसडीएम पुल निर्माण करने वाले ठेकदार के साथ ग्रामीणों से वार्ता करने पहुंचे थे। परन्तु वार्ता सफल नहीं हो पाई। वहीं गुरूवार को वे स्वयं धरनास्थल पर पहुंची तथा ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ठेकदार से उन्होंने स्वयं बात की है तथा शीघ्र ही पुल का कार्य प्रारम्भ करने पर सहमति बन गई है। पुल निर्माण के रिवाइज इस्टीमेट के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने ठेकेदार को भी आश्वस्त किया है कि पुल निर्माण को लेकर बजट की कमी नहीं होगी।
पुल निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष जगमोहन सिंह भण्डारी ने बताया कि केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल के आश्वासन के बाद एक फरवरी को प्रस्तावित चक्का जाम को फिलहाल स्थगित किया जा रहा है। परन्तु जब तक पुल का कार्य प्रारम्भ नहीं होता है ग्रामीणों का क्रमिक धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर संघर्ष समिति के संरक्षक मदन सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष पवन भण्डारी, हरिमाहन नेगी, रघुनाथ सिंह चौहान, लखपत रावत, सुूदर्शन सिंह आदि मौजूद रहे। आज धरने पर सुभागा देवी, दीपा देवी, मीना, आरती, गीता, बीना, सीमा, शशि, हिना, रेखा सुदामा, गुड्डी सहित कई ग्रामीण बैठे।



