उत्तराखण्ड पुलिस ने रुद्रप्रयाग निवासी 03 व्यक्तियों को दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने के लिए किया सम्मानित

रुद्रप्रयाग निवासी 03 व्यक्ति भी हुए सम्मानित
सम्मानित होने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रति व्यक्ति को दस हजार रुपये का चैक किया गया वितरित
रूद्रप्रयाग। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले जागरूक नागरिकों (गुड सेमेरिटन्स) को उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के स्तर से सम्मानित किया गया।
बता दें कि, सड़क दुर्घटना हो जाने पर अधिकांश लोग मूक दर्शक बने रहते हैं तथा दुर्घटना में घायल हुए लोगों की फोटो या वीडियो बनाकर शेयर तो कर देते हैं परन्तु दुर्घटना के शिकार हुए लोगों की सहायता करने हेतु सामने नहीं आते। जबकि, किसी भी प्रकार की दुर्घटना हो जाने पर शुरुआती एक घंटा गोल्डन आवर माना जाता है, दुर्घटना घटित होने पर जितनी जल्दी से जल्दी मदद हो सके सभी को करनी चाहिए।
जुलाई 2023 बरसात के दौरान जनपद रुद्रप्रयाग फाटा क्षेत्रान्तर्गत हुई भूस्खलन दुर्घटना के दौरान सहायता करने वाले 03 व्यक्तियों को आज उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा सम्मानित किया गया है।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित सम्मान कार्यक्रम अवसर पर ए पी अंशुमन, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड, मुख्तार मोहसिन, यातायात निदेशक, उत्तराखण्ड द्वारा जनपद रुद्रप्रयाग निवासी 03 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रति व्यक्ति को ₹10000 (दस हजार) का चैक प्रदान किया गया है।
जनपद रुद्रप्रयाग के सम्मानित हुए गुड समेरिटन का विवरण –
अतुल चन्द्र पुत्र श्री चन्द्रशेखर, निवासी रविग्राम, फाटा, भरत सिंह पुत्र श्री विरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम तुलंगा, गुप्तकाशी, संजय सिंह पंवार, पुत्र श्री प्रेम सिंह, निवासी ग्राम धानी, फाटा जनपद रुद्रप्रयाग प्रशस्ति पत्र व ₹10000 का चैक देकर सम्मानित किया गया।
कई बार लोगों को यह भी लगता है कि यदि उनके द्वारा किसी दुर्घटना के शिकार हुए लोगों की मदद कर दी तो उन्हें पुलिस थाने या कोर्ट के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं, जबकि अब वास्तव में ऐसा नहीं है।
अब कोई भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना होने पर यदि त्वरित मदद करने को सामने आते हैं तो ऐसे में उन्हें पुलिस के स्तर से गुड समेरिटन स्कीम के तहत सम्मानित भी किया जा रहा है।
बताते चलें कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी व्यक्ति को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने, राहत व बचाव कार्य कर समय से अस्पताल पहुंचाने, एम्बुलेंस की उपलब्धता न होने की दशा में निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाने, हादसों में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नेक व्यक्तियों (गुड सेमेरिटन्स) को मोटर व्हीकल एक्ट अधिनियम की धारा 134-ए के तहत पुलिस या अस्पताल द्वारा अनावश्यक रूप से पूछताछ या उनको परेशान किये जाने तथा अपितु इन नेक व्यक्तियों को पुरस्कार प्रदान किये जाने का प्रावधान है।
इसी क्रम में जनपद से ये गुड समेरिटन आज सम्मानित हुए हैं।
जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस की सभी से अपील है, कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद हेतु आगे आयें व उनका अमूल्य जीवन बचाकर आप नेक कार्य कर पुण्य के भागी बनने के साथ साथ उत्तराखण्ड पुलिस के गुड सेमेरिटन्स बनकर पुरस्कार भी पा सकते हैं।



