
24 वर्षों बाद केदारघाटी के ग्राम पंचायत शेरसी में पाण्डव नृत्य व बगड़वाल नृत्य का हो रहा आयोजन
फाटा। केदारघाटी के ग्राम पंचायत शेरसी में 24 वर्षों बाद पाण्डव नृत्य व बगड़वाल नृत्य का आयोजन किया जा रहा है।
न्याय पंचायत फाटा के ग्राम पंचायत शेरसी में काली माई मन्दिर के प्रांगण में 24 वर्षों बाद पाण्डव नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। पाण्डव नृत्य के आयोजन से न्याय पंचायत क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। 25 जनवरी से पांडव नृत्य का शुभारंभ हो गया है। पाण्डव नृत्य के आयोजन से धियाणियों एवं प्रवासियों के गांव की ओर रुख करने से गांव में रौनक लौटने लगी है। विगत दिनों से हो रही बारिश में भी श्रद्धालु दर्शनों को पहुंच रहे हैं। वहीं पांडव नृत्य में 2 फरवरी से बगडवाल नृत्य का भी शुभारंभ हो गया है।
बता दें कि,15 दिवसीय पाण्डव नृत्य में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। 15 दिवसीय पाण्डव नृत्य में गंगा स्नान, तीर्थ भ्रमण, ग्राम भ्रमण सहित अनेक धार्मिक, पौराणिक, आध्यात्मिक परम्पराओं का निर्वहन किया जायेगा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता नौटियाल ने बताया कि गांव में धार्मिक आयोजन से सभी ग्रामवासियों में उत्साह बना हुआ है, उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को अपनी पौराणिक संस्कृति एवं रीति रिवाजों से रूबरू होने की प्रेरणा मिलती है। पाण्डव नृत्य व बगड़वाल नृत्य कमेटी अध्यक्ष सूरज लाल ने बताया कि 24 वर्षों बाद गांव में पाण्डव नृत्य का आयोजन होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह है तथा प्रतिदिन नजदीकी गांव के ग्रामीण पाण्डव नृत्य व बगड़वाल नृत्य में शामिल होकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। उपाध्यक्ष हरेंद्र रावत ने बताया कि पाण्डव नृत्य में गंगा स्नान तीर्थ भ्रमण, नगर भ्रमण, सहित अनेक धार्मिक पौराणिक आध्यात्मिक परम्पराओं का निर्वहन पाण्डव पश्वाओ व ग्रामीणों द्वारा किया जायेगा। प्रधान श्रीमती सरला देवी सहित महिला मंगल दल, नवयुवक मंगल दल व समस्त ग्रामीणों ने पाण्डव नृत्य व बगड़वाल नृत्य में आम जनमानस से सहभागिता का आह्वान किया है।



