वैशाखी पर्व पर खुले मां गौरीमाई मंदिर के कपाट

वैशाखी पर्व पर खुले मां गौरीमाई मंदिर के कपाट
फाटा। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में स्थित माँ गौरी माई मन्दिर के कपाट आज बैशाखी के पावन पर्व पर विधि विधान के साथ आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
शनिवार को बैशाखी के पर्व पर प्रातः गौरी गांव में स्थित चंडिका मन्दिर में पूजा अर्चना के बाद माता की भोग मूर्ति को कंडी में सजाकर समस्त ग्रामवासियों की मौजूदगी में वेद मंत्रोच्चार के साथ गौरीकुंड स्थित मां गौरी माई मन्दिर के लिए प्रस्थान किया गया।
ठीक साढ़े आठ बजे माता की डोली मन्दिर में पहुंची जिसका व्यपारियों , मन्दिर समिति कर्मचारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। मन्दिर परिक्रमा करने के बाद कंडी में रखी माता की मूर्तियों को वेदपाठियों ,पुजारी, कुलपुरोहित व मन्दिर समिति कर्मचारियों की मौजूदगी में मन्दिर में विराजमान किया गया।
जिसके बाद आम श्रद्धालु माता के दर्शन गौरीकुंड स्थित मन्दिर में कर पाएंगे।आज से माता को प्रतिदिन पूजा अर्चना गौरी माई मंदिर गौरीकुंड में की जाती है। श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से कुछ दिन पहले गौरी माई मन्दिर के कपाट खोलने की पौराणिक परंपरा है। इस शुभ अवसर पर मठापति सम्पूर्णानंद गोस्वामी, कुलपुरोहित विमल जमलोकी, व्यपार संघ अध्यक्ष राम चन्द्र गोस्वामी , मन्दिर प्रबंधक कैलास बगवाड़ी, गौरीशंकर गोस्वामी, विजयराम गोस्वामी, मुकेश गोस्वामी ,अंशुमन कुर्मांचली सहित समस्त ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।



