उत्तराखंड

छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में न हो कोई असुविधा, राइका रुद्रप्रयाग का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

विद्यालय में फैली अव्यस्थाओं पर प्रधानाचार्य से मांगा स्पष्टीकरण
नगर क्षेत्र में चल रहे कार्यों का किया औचक निरीक्षण, फुटपाथ पर सामान न रखने की व्यपारियों को दी हिदायत।
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज नगर पालिका द्वारा मुख्य सड़क मार्ग से अटल उत्कृष्ट स्वामी सच्चिदानंद राजकीय इंटर काॅलेज तक निर्मित की गई सीसी सड़क मार्ग तथा जीजीआईसी का औचक निरीक्षण कर निर्मित सड़क मार्ग व शिक्षा की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सीसी सड़क मार्ग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधि. अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए हैं कि सीसी सड़क मार्ग के किनारे रैलिंग एवं नाली निर्माण का कार्य तत्परता से सुनिश्चित कराया जाए इसके साथ ही रैलिंग पर पेंट का कार्य भी तत्परता से किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए इसकी निरंतर तराई का कार्य भी सुनिश्चित कराया जाए जिससे कि उसकी मजबूती बेहतर हो सके। इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका को जीआईसी काॅलेज के पास रैलिंग लगाने एवं बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
अटल उत्कृष्ट स्वामी सच्चिदानंद राजकीय इंटर काॅलेज का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पाया कि काॅलेज में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरस्त न पाए जाने तथा पानी के नल लीकेज होने एवं क्लास रूम की खिड़कियों की जालियां टूटी होने एवं सभी क्लास रूमों में विद्युत व्यवस्था दुरस्त न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए काॅलेज के प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि काॅलेज में किसी भी छात्र-छात्रा को पठन-पाठन में किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए यह जरूरी है कि स्कूल में साफ-सफाई, फर्नीचर, विद्युत, पानी, शौचालय की उचित व्यवस्था सुनिश्चित हो ताकि किसी भी छात्र-छात्रा को पठन-पाठन में कोई असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्ता शिक्षा उपलब्ध कराए जाने के लिए धन के अभाव में आवश्यक सामग्री को उपलब्ध कराने में कोई भी कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी सामग्री एवं उपकरण के लिए तत्काल धनराशि की मांग के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने काॅलेज में पुराने जीर्ण-शीर्ण भवनों को भी त्वरित ध्वस्त करने के निर्देश अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि इसमें उनके द्वारा ध्वस्तीकरण की संस्तुति दी गई है इस दिशा में शीघ्रता से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए हैं कि काॅलेज में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के लिए काॅलेज में तैनात चतुर्थ श्रेणी एवं सफाई कर्मचारियों का कार्य आवंटित करते हुए कार्य आदेश निर्गत कर दें ताकि संबंधित कर्मचारियों द्वारा उन्हें सौंपे गए कार्यों का निर्वहन ठीक ढंग से किया जा सके इसमें यदि किसी कर्मचारी द्वारा अपने कार्यों का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं किया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा के मंदिर में किसी प्रकार की कोई लापरवाही एवं शिथिलता क्षम्य नहीं की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य बाजार का भी निरीक्षण किया तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए हैं कि बाजार के फुटपाथ में किसी भी व्यापारियों द्वारा किसी प्रकार से अतिक्रमण न हो और न ही फुटपाथ पर कोई सामग्री रखी जाए जिससे कि यातायात बाधित हो इस पर उन्होंने संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि सड़क किनारे अनावश्यक रूप से होर्डिंग्स एवं बैनर लगाए गए हैं उनको तत्काल हटवाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि रुद्रप्रयाग केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम का मुख्य मार्ग है जहां से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं इसके लिए यह जरूरी है कि शहर एवं जनपद की सुंदरता बनाए रखने के लिए सड़क के किनारे एवं किसी भी सरकारी संपत्ति में किसी भी तरह की प्रचार सामग्री चस्पा न की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिनके द्वारा भी विज्ञापन एवं प्रचार सामग्री सड़क किनारे चस्पा की जाती है उसे तत्काल प्रभाव से हटाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी व्यक्ति के द्वारा बिना अनुमति के सरकारी संपत्ति एवं सड़क किनारे अपनी प्रचार सामग्री होर्डिंग, बैनर लगाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सुशील कुमार कुरील, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर काॅलेज रुद्रप्रयाग राजवीर सिंह भदौरिया, अवर अभियंता नगर पालिका कृतपाल लाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय विनोदमणि आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!